मध्यप्रदेश: हफ्तेभर में चार भाजपा नेताओं की हत्या, पार्टी ने कांग्रेस को दी चेतावनी

मध्यप्रदेश में सरकार बदलने के बाद नेताओं की हत्या की घटनाएं बढ़ गई हैं। यहां हफ्तेभर में ही चार भाजपा नेताओं की हत्या हुई है। इसके अलावा नेताओं पर हमले भी बढ़ रहे हैं। रविवार को ही बड़वानी में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे की हत्या कर दी गई है।

इन हत्याओं को भाजपा ने राजनीतिक करार दिया है। बलवाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे का शव बलवाड़ी-सेंधवा रोड पर मिला। वह सुबह घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनका सिर पत्थर से कुचला हुआ मिला। माना जा रहा है कि सिर पर पत्थर मारकर उनकी हत्या की गई है। शव के पास खून से सना पत्थर भी मिला था। उनका शव जिस स्थान पर मिला वह वारला पुलिस थाने के अंतर्गत आता है।

ठाकरे की हत्या पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘कांग्रेस बदलाव के बारे में बात करती है लेकिन क्या यही बदलाव है? यहां हत्याएं शुरू हो गई हैं। एक इंदौर में हुई, फिर मंदसौर में अब एक और भाजपा नेता की बडवानी में हत्या हो गई है। आज अपराधी भयमुक्त हैं। कानून और व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।’

शिवराज ने आगे कहा, ‘सरकार इसे बहुत हल्के में ले रही है। ऐसा लगता है कि इसके पीछे एक बहुत बड़ी साजिश है (मंदसौर में हुई भाजपा नेता की हत्या)। मैं सीबीआई जांच की मांग करता हूं। बडवानी में भाजपा नेता की हत्या हुई है। मैं इस सरकार को चेतावनी देता हूं कि वह इस तरह की घटनाएं बंद करें वरना भाजपा सड़कों पर आ जाएगी।’

रविवार की शाम को ही गुना में परमाल कुशवाह नामक युवक को गोली से मारा गया था। कुशवाह भाजपा के पालक संयोजक शिवराम कुशवाह का रिश्तेदार था। भाजपा ने इसके पीछे भी कांग्रेस का ही हाथ बताया है।

इससे पहले गुरुवार शाम मंदसौर नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा के कद्दावर नेता प्रह्लाद बंधवार की बीच चौराहे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बंधवार को गुरुवार शाम को बाइक सवार ने कनपटी पर तीन गोलियां मारी थी। बंधवार पर तब हमला किया गया जब वह जिला सहकारी बैंक के सामने खड़े थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वह नेता का करीबी हुआ करता था।

बुधवार शाम को ही इंदौर में भाजपा नेता और कारोबारी संदीप अग्रवाल को सरेआम गोलियां मारी गई थी। अभी तक हत्यारों का कुछ पता नहीं चल पाया है। उन्हें कई गोलियां मारी गईं। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। भाजपा नेताओं ने इन हत्याओं को लेकर कांग्रेस सरकार को चेतावनी दी है कि अगर इन घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो बाजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आएंगे।

E-Paper