
गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाईक का 79 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे, बहू और तीन पोते-पोतियां हैं। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा।
गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाईक का आज निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके कारण 79 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
रवि नाइक का घर गोवा की राजधानी पणजी से 30 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा, तो वो अपने घर पर ही थे। आनन-फानन में उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। मगर, रात को 1 बजे के आसपास डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार
रवि नाइक के परिवार में कुल 7 सदस्य हैं। वो अपनी पत्नी, 2 बच्चे, 1 बहू और 3 पोते-पोतियों के साथ रहते थे। उनके निधन से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। आज दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रवि नाइक के पार्थिव शरीर को पोंडा के खड़पबंध स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। इस दौरान हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पीएम मोदी समेत गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “गोवा सरकार में मंत्री रहे श्री रवि नाइक जी के निधन से दुःख हुआ। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया।”
पीएम मोदी ने आगे कहा-
वे दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ॐ शांति
गोवा के सीएम ने भी जताया दुख
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने एक्स पर लिखा, “हमारे वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री रहे रवि नाइक के निधन से बहुत दुखी हूं। मुख्यमंत्री के रूप में उनकी दशकों की सेवा और मंत्री रहते हुए राज्य के लोगों के लिए किए गए काम ने एक अमिट छाप छोड़ी है। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ॐ शांति”
6 बार रहे विधायक
बता दें कि रवि नाइक पोंडा विधानसभा से 7 बार विधायक रहे। उनका सियासी सफर काफी दिलचस्प रहा। 1984 में वो पहली बार महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के टिकट पर पोंडा से विधायक चुने गए। इसके बाद 1989 में वो मर्केम विधानसभा से चुनाव जीते। 1999, 2002, 2007 और 2017 में रवि नाइक कांग्रेस के टिकट पर पोंडा से चुनाव जीते और 2022 में उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की।
6 दिन के लिए बने मुख्यमंत्री
रवि नाइक 2 बार गोवा के मुख्यमंत्री बने। जनवरी 1991 से मई 1993 तक उन्होंने पहली बार राज्य का दारोमदार संभाला था। वहीं, दूसरी बार 1994 में वो 6 दिन के लिए गोवा के मुख्यमंत्री बने थे। 1998 में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने नॉर्थ गोवा सीट से संसदीय चुनाव भी जीता था।