देश में सात राज्यों में बदले राज्यपाल, बिहार के नए गवर्नर होंगे लालजी टंडन
पटना। देश के सात राज्यों के राज्यपाल (गवर्नर) बदले गए हैं। बिहार के राज्यपाल अब लालजी टंडन होंगे। बिहार के वर्तमान राज्यपाल का तबादला जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है। मंगलवार को राष्ट्रपति भवन से जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई।
राष्ट्रपति भवन से जारी सूचना के अनुसार भारत के राष्ट्रपति ने बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को जम्मू कश्मीर का राज्यपाल नियुक्त किया है। उनकी जगह बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन होंगे। एसएन आर्या को हरियाणा का राज्यपाल बनाया गया है। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी त्रिपुरा के नए राज्यपाल होंगे।
श्रीमती बेबी रानी मौर्या को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है। बिहार निवासी व मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद को सिक्किम स्थानांतरित किया है। गंगा प्रसाद की जगह तथागत राय मेघालय के नए राज्यपाल होंगे। तथागत राय अभी त्रिपुरा के राज्यपाल हैं।