कोरोना के भयंकर काल में सोनिया गांधी कुछ समय के लिए हो सकती हैं दिल्ली से दूर, डॉक्टरों ने दी सलाह

चेस्ट इन्फेक्शन से जूझ रहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली से बाहर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है। सोनिया को दिल्ली के प्रदूषण से बचने की सलाह दी गई है। वह कुछ दिनों के लिए गोवा या चेन्नई जा सकती हैं।

नई दिल्ली। बढ़ते प्रदूषण के कारण दिल्लीवासी बेहाल हैं। इसके चलते कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को कुछ दिनों के लिए दिल्ली से बाहर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है। सोनिया गांधी के चेस्ट इन्फेक्शन से जूझने की खबर है। यही कारण है कि उन्हें दिल्ली के प्रदूषण के बचने की सलाह दी गई है। पार्टी के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी कुछ दिनों के लिए गोवा या चेन्नई शिफ्ट हो सकती हैं। सूत्रों ने कहा कि वह शुक्रवार दोपहर को दिल्ली से बाहर जा सकती हैं। इस दौरान उनके साथ राहुल गांधी या प्रियंका गांधी वाड्रा भी होंगे।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि अगस्त में अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद से सोनिया गांधी का इलाज जारी है। डॉक्टर उनके सीने में संक्रमण से चिंतित हैं। दिल्ली के प्रदूषण ने अस्थमा और संक्रमण को बढ़ा दिया है। इसके चलते उन्हें डॉक्टरों द्वारा सलाह दी गई है कि वे यहां से बाहर जाएं। उन्हें दिल्ली से बाहर जाने की सलाह ऐसे समय पर मिली है, जब पार्टी को उनकी जरूरत है। बिहार चुनाव में हार के बाद से पार्टी के कुछ नेताओं ने आत्मनिरीक्षण की मांग उठाई थी। इनमें से कुछ उन्हें पत्र लिखकर संगठनात्मक सुधार की भी मांग कर चुके हैं।

पिछले साल जनवरी में गोवा शिफ्ट हुई थीं-

सोनिया गांधी को 30 जुलाई की शाम को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 12 सितंबर को, वह अपनी नियमित हेल्थ चेकअप के लिए कुछ दिनों के लिए विदेश चली गईं। इस दौरान राहुल गांधी उनके साथ थे। इसके चलते दोनों नेता संसद के मानसून सत्र में भी हिस्सा नहीं ले पाए, जो 14 से 23 सितंबर तक महामारी के दौरान विशेष परिस्थितियों में आयोजित किया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष पिछले साल जनवरी में कुछ समय के लिए गोवा शिफ्ट हुई थीं, जहां साइकिल चलाते हुए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

E-Paper