
भारत को 1983 में पहला वर्ल्ड कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव ने कई साल पहले ऐसा कुछ किया था जिसका उन्हें अब पछतावा होता है। कपिल ने सरेआम इस बात को कबूल भी किया है कि साल 1992 में एक मैच के दौरान उनसे गलती हो गई थी, लेकिन वो उस पल की गरमाहट को देखते हुए हुआ था।
बात दिसंबर 1992 की है। भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी और वनडे सीरीज खेल रही थी। सीरीज का दूसरा वनडे पोर्ट एलिजाबेथ के सेंट जॉर्ज पार्क में खेला जा रहा था। इस मैच में कपिल ने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज पीटर कर्स्टन को मांकड आउट यानी नॉन स्ट्राइकर छोर पर रन आउट कर दिया था। इस दौरान कपिल काफी गुस्से में थे।
‘तीन बार दी थी वॉर्निंग’
कपिल ने कहा कि उन्होंने कर्स्टन को तीन बार चेतावनी दी थी, लेकिन वह माने नहीं तो उन्होंने मांकड आउट करने का फैसला किया। प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल ने शुक्रवार को इस घटना को याद किया। कपिल पीजीटीआई और एक्सिस बैंक के साथ हुए करार की घोषणा के लिए आयोजित कार्यक्रम में भारतीय टीम के पूर्व मैनेजर अमृत माथुर से बात कर रहे थे।
माथुर ने जब इस दौरे का एक किस्सा सुनाया तो कपिल को मांकड आउट का किस्सा याद आ गया और फिर उन्होंने पूरी कहानी बयां कर दी। कपिल ने कहा, “मैं जब भी गेंद डालने की कोशिश कर रहा था नॉन स्ट्राइकर छोर पर खड़ा बल्लेबाज बार-बार रन चुराने के लिए क्रीज से बाहर जा रहा था। मैंने उसे एक बार चेतावनी दी। अश्विन ने जो किया उससे पहले मैंने किया और उससे पहले वीनू मांकड ने किया।”
उन्होंने कहा, “मैंने पीटर कर्स्टन से कहा कि ये मत करो क्योंकि मैं जब जम्प कर रहा हूं तो तुम साइड में मेरी नजरों में आ रहे हो जिससे मुझे परेशानी हो रही है। तो उसने कहा कि मैं जोंटी रोड्स के साथ खेल रहा हूं तो मुझे तैयार रहना होगा। उन्होंने दूसरी बार फिर किया। हमारी टीम मीटिंग हुई और मैंने कहा कि मैं ऐसा करूंगा तो सभी ने कहा ठीक है कर दो।”
कपिल ने आगे बताया, “हालांकि, मैं कहता हूं कि मेरी गलती थी। मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था, लेकिन मैंने उसे तीन बार चेतावनी दे दी थी। वह इसे लेकर काफी गुस्सा थे कि मैंने ऐसा क्यों कर दिया।”
कैपल ने मारा था बल्ला
इस दौरे पर साउथ अफ्रीका के कप्तान कैपर वैसल की भी कपिल से लड़ाई हो गई थी। मैच के दौरान कैपलर वेसल्स ने रन लेने के दौरान कपिल को बल्ला मार दिया था। कपिल इसे लेकर ड्रेसिंग रूम में काफी गुस्सा थे। इस बात की शिकायत मैच रेफरी क्लाइव लॉयड से की गई थी। माथुर इस दौरे पर टीम के मैनेजर थे और उन्होंने ही शिकायत की थी, लेकिन कैपल वैसल को इसलिए छोड़ दिया था गया था क्योंकि ब्रॉडकास्टर ने कहा था कि जब ये मामला हुआ उसकी फुटेज हमारे पास नहीं है।
इस पर भी कपिल ने अपनी बात रखी और कहा कि जब आप खेलते तो कई बार आप गुस्सा कर जाता हो। ऐसा नहीं होता कि आपको गुस्सा नहीं आएगा। आमतौर पर मुझे गुस्सा नहीं आता, लेकिन मैं भी इंसान हूं क्या कर सकता हूं गुस्सा आ जाता है।