
आईपीएल 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 28 मार्च से आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केकेआर के स्टार पेसर हर्षित राणा टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच से बाहर रह सकते हैं।
हाल ही में घुटने की सर्जरी के बाद हर्षित अभी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं, इसलिए वे आईपीएल के आने वाले सीजन का बड़ा हिस्सा मिस कर सकते हैं। बीसीसीआई ने अभी तक उनकी वापसी की कोई तय तारीख नहीं बताई है।
हर्षित राणा को क्या हुआ?
दरअसल, स्टार पेसर हर्षित राणा (Harshit Rana IPL 2026 update) को दाहिने घुटने में चोट लगी थी। ये चोट उन्हें भारत के टी20 विश्व कप के वॉर्म-अप मैच (साउथ अफ्रीका के खिलाफ) में लगी थी। उन्होंने उस मैच में सिर्फ एक ओवर फेंका था और फिर वो मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे। बाद में उन्हें सर्जरी करानी पड़ी और वे पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
फिर उनकी जगह मोहम्मस सिराज को टीम में शामिल किया गया। इसके बाद 9 फरवरी को मुंबई में हर्षित की घुटने की सर्जरी हुई और उन्हें पूरी तरह ठीक होने में 2-3 महीने का समय लग सकता है।
राणा को रविवार को बीसीसीआई नमन अवॉर्ड सेरेमनी में बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यूटेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जहां उन्हें बैसाखियों के सहारे चलते हुए देखा गया, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर चिंता पैदा हो गई।
केकेआर के लिए और समस्याएं
केकेआर की टीम पहले से ही कई चोटों से जूझ रही हैं। मुस्ताफिजुर रहमान अब टीम का हिस्सा नहीं है, जबकि मथीशा पथिराना भी फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को जोड़ा है, लेकिन हर्षित राणा जैसी भूमिका निभाने वाला पेसर ढूंढ पाना मुश्किल है। फिलहाल केकेआर के पास पेस अटैक में वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाश दीप जैसे गेंदबाजी शामिल हैं।