लाहौर के एक चिड़ियाघर में शेर के पिंजरे से मिले नर कंकाल और कपड़ों ने मचा दिया कोहराम….

लाहौर के एक चिड़ियाघर में बुधवार को शेर के पिंजरे से मिले नर कंकाल और कपड़ों ने कोहराम मचा दिया है। माना जा रहा है कि यह कंकाल और कपड़ा एक 18 वर्षीय किशोर का है, जो इस सप्ताह की शुरुआत में लापता हो गया था। उसकी पहचान मुहम्मद बिलाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार लड़के की सोमवार को लापता होने की सूचना मिली थी।

सफारी पार्क लाहौर के निदेशक चौधरी शफकत ने बताया कि उसके कपड़े शेर के पिजरे में मिले और बाद में जब मजदूर जानवरों को खिलाने गए तो उन्होंने वहां खोपड़ी और हड्डियां देखीं। मामले की आपराधिक जांच जारी है। जानवरों को उनके बेड़े में रखने के लिए यहां फेंस है। पुलिस जांच में पता चला कि लड़का फेंस फांदकर पार्क में घास काटने के लिए घुसा था।

पहले ऐसी घटना नहीं हुई

शफकत ने आगे बताया कि लोग हर समय पार्क में वाहनों में आते-जाते हैं और यहां पहले ऐसी घटना नहीं हुई है।एक स्थानीय पुलिस अधिकारी सकलैन शाह ने कहा कि पार्क प्रशासकों द्वारा उन्हें दिए गए कैमरे के फुटेज की समीक्षा की जा रही है, ताकि पता चल सके कि लड़के के साथ क्या हुआ।

माता-पिता ने लापता होने की जानकारी दी थी

समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार शफकत के हवाले से बताया कि बुधवार सुबह इस संबंध में परिवार द्वारा पार्क प्रशासन से संपर्क किए जाने के बाद पार्क में खोजबीन की गई, जिसके बाद वहां नर कंकाल और कपड़ा मिला। शफकत ने बताया कि उसके माता-पिता सोमवार को लापता होने के बाद इसकी जानकारी देने आए थे।

घटना सोमवार को हुई

समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार बिलाल के चाचा पार्क के एक कर्मचारी थे, पुलिस ने कहा कि जब बिलाल घास काट रहा था तब शेरों ने उसपर हमला किया। पुलिस का दावा है कि वहां से उन्हें एक सिकल, घास और मानव अवशेष मिले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना सोमवार को हुई थी।

E-Paper