Blank Call : मोबाइल ऐप के जरिए इंटरनेशनल नंबर से फोन कर महिलाओं से करता था अश्लील बातें…

इंटरनेट कॉलिंग से महिलाओं से अश्लील बातें करने वाला आरोपित करीब 50 से ज्यादा महिलाओं व युवतियों को परेशान कर चुका है। उससे परेशान कई महिलाएं तो मोबाइल बंद कर चुकी हैं। भंवरकुआं टीआई विजय सिसोदिया के मुताबिक, आरोपित कृष्णा अरुण कुमार काकड़े निवासी सुदामा नगर को गणेश नगर निवासी महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह पहले ब्यूटी पार्लर में नौकरी करती थी। आरोपित उसे कॉल कर अश्लील बातें करने लगा। आरोपित बात नहीं करने पर धमकाता था। इस पर वी केयर फॉर यू को शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कहा यह ‘स्पूफ’ कॉलिंग है। आरोपित विशेष ऐप इंस्टॉल कर इंटरनेट के जरिए कॉलिंग करता है। उससे महिलाओं के फोन पर विदेशी नंबर दिखाई देते थे। पुलिस उसकी कॉल डिटेल भी नहीं निकाल सकती थी।

महिला ने आरोपित को फंसाने के लिए जाल बिछाया और व्हॉट्सएप पर बात करना शुरू की। इसके बाद पुलिस ने आईपी एड्रेस निकाल कर घर से पकड़ लिया। पुलिस उससे अन्य महिलाओं को परेशान करने के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

दो नाबालिगों के साथ दुष्कर्म, एक आरोपित गिरफ्तार : एमआईजी थाना पुलिस ने नया बसेरा में रहने वाले महेश राठौर को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने उसकी रिश्तेदार किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। टीआई इंद्रेश त्रिपाठी के मुताबिक किशोरी बहन से मिलने आई थी। आरोपित टेप लेने के बहाने घर में आया और किशोरी से दुष्कर्म किया। इसी तरह खजराना थाना पुलिस ने एक नाबालिग की शिकायत पर उसके रिश्तेदार अरशद खान के खिलाफ केस दर्ज किया है। चंदननगर निवासी किशोरी बहन से मिलने आई थी। आरोपित ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए।

E-Paper