
लंदन. ब्रिटेन की एक संसदीय समिति ने फेसबुक संस्थापक मार्क जुकरबर्ग से उसके सामने पेश होने को कहा है. इसके साथ ही समिति ने जकरबर्ग चुनाव प्रचार के लिए करोड़ों लोगों का विवरण निकालने के दावों पर भी ब्योरा देने को कहा है. डिजिटल, संस्कृति, मीडिया और खेल समिति पर हाउस ऑफ द कॉमंस के अध्यक्ष डेमियन कोलिंस ने जकरबर्ग को एक चिट्ठी लिख कर उनसे इस पर अपना बयान देने को कहा है.
समिति द्वारा फर्जी खबरों की जारी जांच के तहत यह अनुरोध किया गया था. इसके तहत पिछले महीने इसके सदस्यों को फेसबुक और ट्विटर के अधिकारियों से पूछताछ के लिए वाशिंगटन की यात्रा करते देखा गया था. आरोप लगाया गया था कि पांच करोड़ फेसबुक यूजर्स का ब्यौरा एक ब्रिटिश कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका ने साल 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव प्रचार में इस्तेमाल के लिए निकाला था. कोलिंस ने लिखा है कि ब्रिटेन के गार्डियन और द न्यूयार्क टाइम्स में पिछले कुछ दिनों में खबरें प्रकाशित होने के बाद समिति आपसे अनुरोध करती है कि आप मौखिक बयान देने के लिए इसके समक्ष उपस्थित हों.