आईपीएल-2026 में शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेले गए मैच में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच विवाद हो गया। आरसीबी की बल्लेबाजी के दौरान कोहली बार-बार हेड की तरफ इशारा करते हुए कुछ बोल रहे थे। हेड उस समय तो चुप रहे, लेकिन अब उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी ने नया बवाल खड़ा कर दिया है।
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे। आरसीबी की टीम चार विकेट खोकर 200 रन ही बना पाई। कोहली का बल्ला इस मैच में नहीं चला और वह 15 रन बनाकर आउट हो गए।
हेड की इंस्टाग्राम स्टोरी
मैच के बाद जब दोनों टीमें हाथ मिला रही थीं तब कोहली ने हेड से हाथ नहीं मिलाया जिसे देख हेड हैरान रह गए। इस बात को लेकर कोहली की सोशल मीडिया पर भी जमकर आलोचना हो रही है। हेड ने अब अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जो पोस्ट किया है उसने इस मामले को और गरमा दिया है। हेड ने अपनी फोटो पोस्ट करते हुए लिखा है, “हर किसी को अंदाजा लगाने दो।”
उनकी इस पोस्ट को उनके कोहली को जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, ये साफ नहीं है कि वह क्या कहना चाह रहे हैं। कोहली जब बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक तेवर दिखा रहे थे और स्लैज कर रहे थे तब हेड शांत थे और चुपचाप कोहली की हरकतें देख रहे थे।
नया नहीं है मामला
कोहली के लिए ये मामला नया नहीं है। वह पहले भी इस तरह के मामले में पड़ चुके हैं। उनकी मैदान पर कई बार बहस हुई है। साल 2023 में उनकी उस समय लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज नवीन उल हक से बहस हो गई थी। इस विवाद ने काफी तूल पकड़ा था क्योंकि इसमें उस समय लखनऊ के मेंटर और इस समय टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर भी कूद गए थे।