बलूचिस्‍तान को खत्‍म करने की साजिश बना रहे चीन-पाक, BLA कमांडर का आरोप

बलूचिस्‍तान। बलूचिस्‍तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के सीनियर कमांडर असलम बलोच ने चीन और पाकिस्‍तान दोनों पर बलूचिस्तान पर अत्‍याचार करने व यहां के प्राकृतिक संसाधनों को लूटने का आरोप लगाया। एएनआई को भेजे गए एक एक्‍सक्‍लूसिव वीडियो इंटरव्‍यू में असलम ने बीजिंग व इस्‍लामाबाद पर बलूच की पहचान खत्‍म करने का आरोप लगाया। 

असलम बलोच ने कहा, बलूचों पर अत्याचार उन्हें पूरी तरह से खत्म करने के लिए किया जा रहा है। इस काम में पाकिस्तान की सेना लगी हुई है। असलम ने दुनिया के सामने संकट से घिरे बलूचिस्तान को पेश किया और कहा कि इसे खत्म करने के लिए पाकिस्तान और चीन दोनों मिलकर काम कर रहे हैं।

उन्‍होंने आगे कहा कि केवल यही नहीं चीन ने पाकिस्‍तान आर्मी से हाथ मिला लिया है और पिछले छ: दशकों से आम जनता पर अत्‍याचार कर रहे हैं। पाकिस्‍तान को इंटेलीजेंस इनपुट, हथियार आदि चीन से मिल रहे हैं जिसका इस्‍तेमाल बलूचिस्‍तान में किया जा रहा है। चीन की मदद से पाकिस्‍तान यहां अपनी सेना तैनात करने में जुटा है।

उनका मुख्‍य निशाना बलूचिस्‍तान का तटीय इलाका है। पाक की मदद से चीन अपने नेवल बेस को मजबूत कर रहा है। उनके अनुसार, बलूचिस्तान पर पाकिस्तान के अवैध कब्जे का विरोध करने तथा बलूचिस्तान की स्वतंत्रता के विरोध की आवाज़ को दबाने के लिए लगातार पाक सैनिक निहत्थे बलूचों की हत्या कर रहे हैं। दूसरी तरफ, पाकिस्तान ने पाक-चीन आर्थिक कॉरिडोर का निर्माण चीन को सौंप दिया है, जो बलूचिस्तान की धरती पर हो रहा है। इसका भी विरोध बलूचिस्तान के लोग कर रहे हैं। 

पाकिस्‍तान द्वारा आतंकी संगठन करार दिए गए बीएलए के असलम बलूच ने कहा, प्रतिदिन हमारे लोग लापता हो रहे हैं। उनकी हत्‍या की जा रही है, घरों को लूटा जा रहा है, जलाया जा रहा है। समूचे बलूचिस्‍तान की स्‍थिति चिंताजनक है। असलम ने कहा, ‘बलूच पाकिस्‍तान और चीन की गंदी योजनाओं का विरोध कर रहे हैं। हम लड़ाई जारी रखेंगे। शक्‍तिशाली सेना वाले दो देशों को दूर रखना आसान कान नहीं है। बलूच चाहता है कि दोनों देशों से लड़ाई में अन्‍य राष्‍ट्र उनका साथ दें। तभी इनके अत्‍याचारों को रोका जा सकता है।

E-Paper