अमेरिका से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 25 साल की महिला टीचर मैकेंजी नॉर्ट को एक 16 साल के नाबालिग लड़के के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में दोषी पाया गया है।
कोर्ट में मैकेंजी ने अपनी गलती मान ली है और अब उन्हें जेल की सजा होने जा रही है। बता दें कि इस पूरे मामले का खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि खुद मैकेंजी के पति ने किया। उनके पति उसी हाई स्कूल में खेल शिक्षक थे, जहां वह पीड़ित लड़का पढ़ता था।
पति ने ही पुलिस को दी थी जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार जब पति को पत्नी की इस करतूत का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सबूत के तौर पर उन्होंने मैकेंजी के मोबाइल फोन से लिए गए कुछ चैट्स के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे। इस घटना के तुरंत बाद, जून महीने में उनके पति ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दे दी।
अब समझिए पूरा मामला
इस पूरे मामले में पीड़ित लड़के ने पुलिस को बताया कि मैकेंजी ने ही पहले पहल की थी। मैकेंजी ‘सेंट जॉन एलीमेंट्री स्कूल’ में पहली कक्षा की टीचर बनी थीं और लड़का पास के ही दूसरे स्कूल में पढ़ता था। पीड़ित ने बताया कि मैकेंजी रात के समय लड़के को मैसेज भेजकर फ्लर्ट करती थीं।
पहले तो लड़का मिलने से कतराता रहा, लेकिन बाद में वह मान गया। एक दिन मैकेंजी ने उसे एक सुनसान जगह पर बुलाया। दोनों लड़के के ट्रक के अंदर मिले, जहां उनके बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद मैकेंजी ने लड़के को डराया कि वह इस बारे में किसी को न बताए, क्योंकि ऐसा होने पर उनकी नौकरी जा सकती थी।
टीचर को मिल सकती है 6-12 महीने की सजा
गिरफ्तारी के बाद मैकेंजी ने रोते हुए अपनी गलती मानी और माफी मांगी। ऐसे में कोर्ट में हुए समझौते के तहत उन्हें 6 से 12 महीने तक जेल में रहना होगा। इसके अलावा जेल से छूटने के बाद भी अगले 10 सालों तक उनका नाम ‘यौन अपराधियों’ की सरकारी लिस्ट में दर्ज रहेगा। कोर्ट ने 5 साल का सुरक्षा आदेश जारी किया है, जिसके तहत वह पीड़ित लड़के के आस-पास भी नहीं जा सकतीं।
गौरतलब है कि इस मामले में कोर्ट का अंतिम फैसला 28 अगस्त को सुनाया जाएगा। सरकारी वकील ने कहा कि मैकेंजी के अपना जुर्म कबूल कर लेने से पीड़ित लड़के को कोर्ट में गवाही देने की मानसिक परेशानी से मुक्ति मिल गई है।