गुब्बारे की तरह फूलेंगे भटूरे और छोलों में आएगा ढाबे वाला रंग! नोट कर लें ये ढाबा स्टाइल रेसिपी

छोले भटूरे नॉर्थ इंडिया की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली डिश में से एक है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि नाम सुनकर ही मुंह में पानी आ जाता है। अगर आपका मन भी छोटे भटूरे खाने का कर रहा है, लेकिन बाहर नहीं जाना चाहते, तो आप घर पर भी इन्हें बना सकते हैं। आइए जानें बिल्कुल बाजार जैसे स्वाद के छोले भटूरे बनाने की रेसिपी।

छोले-भटूरे की रेसिपी बनाने के लिए सामग्री:
मैदा- 2 कप
सूजी- 1/4 कप
दही- 1/2 कप
बेकिंग पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
चीनी- 1 छोटा चम्मच
गुनगुना पानी- आटा गूंथने के लिए
काबुली चने- 1 कप
चायपत्ती- 1 बड़ा चम्मच
प्याज- 2
टमाटर प्यूरी- 1 कप
अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
तेजपत्ता-1
बड़ी इलायची-1
लौंग-2
दालचीनी का टुकड़ा-1
छोले मसाला- 2 चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च- 1 चम्मच
आमचूर पाउडर- 1/2 चम्मच
भुना जीरा पाउडर- 1/2 चम्मच
नमक और तेल- आवश्यकतानुसार

छोले-भटूरे की रेसिपी बनाने की विधि:

सबसे पहले एक परात में मैदा, सूजी, नमक, चीनी और बेकिंग पाउडर को आपस में अच्छी तरह मिला लें।

अब बीच में जगह बनाकर दही और दो चम्मच तेल डालें और इसे हाथों से अच्छे से मिलाएं।

गुनगुने पानी की मदद से थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें।

अब आटे को 5-7 मिनट तक अच्छी तरह पटक-पटक कर चिकना कर लें। अब इस पर थोड़ा सा तेल लगाकर, एक गीले कपड़े से ढककर कम से कम 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें ताकि फर्मेंट हो सके।

अब एक पोटली में चायपत्ती बांध लें और कुकर में भीगे हुए छोले, नमक, पानी, खड़े मसाले और चायपत्ती की पोटली डालकर 4-5 सीटी आने तक उबाल लें। उबलने के बाद पोटली बाहर निकाल दें।

इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा और बारीक कटे प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें और फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर एक मिनट पकाएं।

अब टमाटर की प्यूरी डालें और तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे। इसके बाद सभी पिसे मसाले डाल दें। इसके बाद थोड़े से छोलों को कड़छी से मैश कर दें, जिससे ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी और धीमी आंच पर 10-15 मिनट पकने दें। आखिर में हरी मिर्च और हरा धनिया डालें।

अब सेट हो चुके आटे से लोइयां तोड़ लें और चकले और बेलन पर थोड़ा सा तेल लगाएं।

लोई को थोड़ा मोटा बेल लें और कड़ाही में तेल को तेज गर्म करें। भटूरे फुलाने के लिए तेल का तेज गर्म होना सबसे जरूरी है।

भटूरे को तेल में डालें और कलछी से हल्का सा दबाएं। भटूरा तुरंत गुब्बारे की तरह फूल जाएगा। दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक तल लें।

छोले भटूरे तैयार हैं। इन्हें गरमा-गरम, तीखी हरी मिर्च के अचार, सिरके वाले प्याज और नींबू के टुकड़े के साथ परोसें।

E-Paper