अचानक कोलकाता मेट्रो और ऑटो में सफर करने पहुंचे रेल मंत्री

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बंगाल के दौरे के दौरान शनिवार को कोलकाता मेट्रो में यात्रा कर यात्रियों से प्रतिक्रिया ली और आटो-रिक्शा की सवारी भी की।

बंगाल में लंबित रेल परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ राज्य सचिवालय में बैठक के लिए सुबह कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद रेल मंत्री सीधे इसके पास स्थित जय हिंद मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर मेट्रो सेवाओं के बारे में उनके अनुभवों को जाना।

मेट्रो कर्मचारियों से भी बातचीत की। इसके बाद रेल मंत्री जय हिंद (हवाई अड्डा) स्टेशन से नोआपाड़ा तक जाने वाली मेट्रो में सवार हुए।

नोआपाड़ा स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा कर रेल मंत्री ने यात्रियों से बातचीत की और शहर में मेट्रो सेवाओं के बारे में उनकी प्रतिक्रिया ली। इस दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री जगन्नाथ चटर्जी और सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो भी उनके साथ थे।

वैष्णव नोआपाड़ा से राज्य सचिवालय नवान्न की ओर रवाना हुए, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु के साथ उनकी बैठक थी। नोआपाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या के कारण रेल मंत्री का वाहन बेलघोरिया एक्सप्रेसवे पर प्रमोद नगर में खड़ा किया गया।

स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखते हुए रेल मंत्री मेट्रो स्टेशन से प्रमोद नगर तक आटो रिक्शा से गए और फिर कार से नवान्न के लिए रवाना हुए।

वैष्णव ने न्यूनतम सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रा की और सामान्य यातायात प्रोटोकाल का पालन किया। बाद में, उन्होंने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार कोलकाता मेट्रो के महत्वपूर्ण विस्तार की योजना बना रही है।

मुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद रेल मंत्री ने शाम में कोलकाता के चिंगरीहाटा में निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के कार्यों का भी जायजा लिया।

E-Paper