
फरवरी माह में एमपी का चार बार मौसम बदला मौसम विभाग के अनुसार होली के आसपास मौसम फिर करवट ले सकता है। 2 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) प्रदेश तक असर डाल सकता है। खासकर ग्वालियर-चंबल अंचल में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। यही वजह है कि शुक्रवार को राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि बादलों के बावजूद दिन के तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई।
अप्रैल जैसी तपिश, 34 डिग्री के पार पहुंचा पारा
ओले और बारिश का दौर थमते ही प्रदेश में गर्मी ने तेजी पकड़ ली है। कई शहरों में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान भी 18 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में दिन का तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अन्य प्रमुख शहरों में 30 डिग्री से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा गर्मी खरगोन में रही, जहां पारा 34.8 डिग्री तक पहुंच गया।
बड़े शहरों में तापमान
भोपाल: 32.4°C
इंदौर: 31.2°C
ग्वालियर: 32.7°C
उज्जैन और जबलपुर: 33°C के आसपास
रात में भी राहत नहीं
न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 9.6 डिग्री तक गिरा। सागर में 18.4 डिग्री और नर्मदापुरम में 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। श्योपुर, सिवनी, गुना, खंडवा और टीकमगढ़ में रात का तापमान 16 डिग्री के आसपास रहा, जबकि रतलाम और धार में 17 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
फरवरी में चार बार बदला मौसम
इस बार फरवरी में मौसम ने चार बार पलटी मारी। महीने की शुरुआत में ही दो बार आंधी, बारिश और ओलों का असर देखने को मिला, जिससे गेहूं और चने की फसलों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराया। 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हुआ, जो 19 से 21 फरवरी तक चला। फिर 23-24 फरवरी को चौथी बार कई जिलों में ओले और बारिश दर्ज की गई।24 और 25 फरवरी को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की वजह से 20 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी-बारिश हुई। कई इलाकों में ओले गिरने से रबी फसलों पर असर पड़ा। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल शनिवार को मौसम साफ रहेगा और किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।