इस Zero-Oil Recipe से झटपट तैयार करें दही के शोले

इस आर्टिकल में हम आपको दही के शोले बनाने की एक ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसमें तेल का इस्तेमाल न के बराबर होगा या आप चाहें तो इसे पूरी तरह अवॉइड भी कर सकते हैं।

यह एक ऐसा स्नैक है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है, मगर चूंकि बाजार में मिलने वाले दही के शोले तेल में डूबे होते हैं, इसलिए घर पर इन्हें एयर-फ्रायर में तैयार करना बेस्ट ऑप्शन है। आइए, जानते हैं इसकी स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।

दही के शोले बनाने के लिए सामग्री
ब्रेड स्लाइस: 4-6 (किनारे कटे हुए)
गाढ़ा दही: 1 कप (जिसका पानी पूरी तरह निकला हो)
पनीर: कद्दूकस किया हुआ (ऑप्शनल, लेकिन स्वाद बढ़ा देता है)
सब्जियां: बारीक कटी शिमला मिर्च, प्याज, हरा धनिया
मसाले: काली मिर्च पाउडर, नमक, थोड़ी चीनी और भुना हुआ जीरा

दही के शोले बनाने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में गाढ़ा दही लें। इसमें पनीर, बारीक कटी सब्जियां और सारे मसाले मिला लें। याद रखें, दही में पानी बिल्कुल नहीं होना चाहिए, वरना ब्रेड गीली हो जाएगी। यह मिश्रण ही इस डिश की जान है।
ब्रेड के स्लाइस को बेलन से हल्का-सा बेलकर पतला कर लें। अब इसके बीच में एक चम्मच दही वाली स्टफिंग रखें। ब्रेड के किनारों पर थोड़ा पानी लगाएं और इसे धीरे-धीरे रोल करें। किनारों को उंगलियों से दबाकर अच्छी तरह बंद कर दें ताकि स्टफिंग बाहर न आए। इसे एक टॉफी या रोल का आकार दें।
अब बारी है इन्हें पकाने की। अगर आपके पास एयर-फ्रायर है, तो इसे 180°C पर 10-12 मिनट के लिए एयर फ्राई करें जब तक यह गोल्डन ब्राउन न हो जाए। अगर ओवन है, तो इसे 200°C पर 15 मिनट बेक करें।
अगर आप चाहें तो ब्रश से नाममात्र का तेल या घी ऊपर लगा सकते हैं, ताकि चमक आ जाए, मगर यह जरूरी नहीं है।
बस फिर, बनकर तैयार हो जाएंगे गरमा-गरम दही के शोले। इसे पुदीने की हरी चटनी या टोमेटो केचप के साथ सर्व करें।
जब भी घर पर मेहमान आएं या बच्चों को कुछ टेस्टी खाने का मन हो, तो तेल की कड़ाही चढ़ाने के बजाय, यह हेल्दी और टेस्टी तरीका अपनाएं।

E-Paper