बिहार: बेगूसराय अदालत ने एकता कपूर और उनकी माँ के खिलाफ ज़ारी किया गिरफ्तारी वारंट

बिहार के बेगूसराय की एक अदालत ने बॉलीवुड की मशहूर फिल्म, टीवी और वेब सीरिज की निर्माता एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह वारंट एकता कपूर की ओर से बनाई गई XXX वेब सीरीज में सैनिकों की पत्नी की आपत्तिजनक छवि पेश करने के खिलाफ दर्ज मुकदमा मामले में किया गया है। वारंट बेगूसराय न्यायिक दंडाधिकारी विकास कुमार के न्यायालय से जारी किया गया है।

दरअसल, 6 जून 2020 को पूर्व सैनिक शंभू कुमार की ओर से सीजीएम कोर्ट में एक परिवाद पत्र दाखिल किया गया था। पूर्व सैनिक का आरोप था कि XXX वेब सीरीज के सीजन 2 में सैनिकों के पत्नी को लेकर आपत्तिजनक सीन दिखाए गए थे। वेब सीरीज में दिखाया गया कि सेना के जवान जब ड्यूटी पर रहते हैं तब उनकी पत्नी घरों में गैर मर्द के साथ अवैध संबंध बनाते हैं।

इसी को लेकर पूर्व सैनिकों में आक्रोश हुआ और उनकी ओर से एक परिवाद पत्र दाखिल किया गया था। इस मामले में फरवरी 2021 को एकता कपूर और शोभा कपूर को उपस्थित होकर जवाब देने के लिए सम्मन जारी किया गया था, जिसमें एकता कपूर के ऑफिस में भी सम्मन रिसीव किया गया था।

E-Paper