GT vs PBKS: पंजाब को हराकर भी खुश नहीं कप्तान Shubman Gill

गुजरात टाइटंस (GT) ने अपने घर में पंजाब किंग्स को एक गेंद बाकी रहते हुए 4 विकेट से मात दी और इस सीजन में ही पंजाब (PBKS) से मिली हार का हिसाब भी चुकता किया। मैच में पहले बैटिंग करते हुए पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में गुजरात की टीम 19.5 ओवर में 6 विकेट के नुकसान के साथ 167 रन बनाकर मैच को अपने नाम किया। इस मैच में मिली जीत के बाद जीटी (GT Captain Gill) के कप्तान शुभमन गिल ने आखिरी ओवर में मिली जीत पर नाखुशी जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि इतना अंत तक मैच नहीं खींचना चाहिए था।

जीत के बावजूद क्यों खुश नहीं Shubman Gill?
दरअसल, मैच में 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम 12वें ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 94 रन बना चुकी थी। उस वक्त लग रहा था कि टीम एक या दो ओवर पहले मैच खत्म कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। मिडिल ऑर्डर में लगातार विकेटों का पतझड़ लगने की वजह से मैच आखिर में फंस गया था, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने 23 गेंद में 40 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।

इस जीत के बाद कप्तान शुभमन ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में अपनी टीम को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा,

“मुझे लगता है ऐसे चेज में हम चाहते थे कि इसे इतना डीप ना ले जाएं जितना गया, लेकिन दो जरूरी प्वाइंट मिले। ये ऐसी विकेट नहीं थी जहां हम 15-16 ओवर में चेज कर लें। तो हमने सोचा शायद एक ओवर पहले या कुछ ओवर पहले खत्म कर दें। यही बात हुई थी। अगर कोई बल्लेबाज सेट है तो उसे आखिर तक जाना चाहिए क्योंकि पहली गेंद से हिट करना आसान नहीं है।”

3 बाएं हाथ के बल्लेबाजों को क्यों भेजा?
शुभमन ने मैच के बाद इस बात पर खुशी जाहिर कि वॉशिंगटन सुंदर ने एक छोर थामे रखा और टीम को जीत दिलाकर लौटे। मैच में गुजरात ने मिडिल ऑर्डर में एक के बाद एक तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों को बैटिंग के लिए भेजा था।

पहले निशांत सिंधु (15), फिर सुंदर (40*) और राहुल तेवतिया (2) को भेजा गया। 3 लेफ्ट हैंडर को भेजने के बारे में गिल ने कहा कि लेंथ गेंदें वैसी नहीं आ रही थीं जैसी दूसरी विकेटों पर आती हैं। सेट बल्लेबाज के लिए जरूरी था। किस्मत से हमारे पास वॉशी था और उसने हमारे लिए मैच फिनिश किया। बस हमने उस सिचुएशन में अपना बेस्ट बैटर भेजा।

E-Paper