बीजेपी विधायक संगीत सोम पर 43 लाख वसूली का आरोप, ठेकेदार ने कहा- खुद फोन कर मांगे रुपए

मेरठ: सरधना से बीजेपी विधायक संगीत सोम पर एक ठेकेदार ने ठगने का आरोप लगाया है. ठेकेदार का आरोप है कि संगीत सोम ने उससे 43 लाख रुपए मांगे. विधायक ने खुद फ़ोन कर रुपए मांगे. ठेकेदार के अनुसार ठेका दिलाने के एवज में उससे इतनी राशि मांगी. मजबूरन उसे रकम देनी पड़ी. जब ठेका नहीं मिला तो पैसे उसने वापस मांगे. इस पर विधायक के गुर्गों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया.

मामला मेरठ का है. यहां के घाट गांव के प्रधान संजय ने मामले की शिकायत मेरठ एसएसपी से की है. उन्होंने लिखित में शिकायत की कि वह पीडब्ल्यूडी और अन्य विभाग में ठेकेदारी का काम करते हैं. मेरठ के दादरी में सरकारी कॉलेज बनाने का ठेका दिलाने के बदले में विधायक संगीत सोम ने 43 लाख रुपए की मांग की. संजय के मुताबिक यह रकम तीन किश्तों में दी गई. पहली किश्त की राशि उनके पीए को दी गई. दूसरी किश्त की राशि उनके भाई को और तीसरी किश्त एक होटल के मालिक को दिलाई गई. इस मामले में विधायक ने खुद फोन करके रकम देने के लिए कहा, लेकिन जब ठेका नहीं मिला तो ठेकेदार ने अपनी रकम वापस मांगी. इस पर विधायक के गुर्गों ने उन्हें टकराना शुरू कर दिया.

एसपी देहात कर रहे मामले की जांच

एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच एसपी देहात राजेश कुमार कर रहे हैं. अगर इस शिकायत में तथ्य पाए गए तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई का भरोसा दिया गया है. इससे पहले भी संगीत सोम रुपयों के लेनदेन के विवाद में कई बार फंस चुके हैं.

E-Paper