Dhurandhar 2 के निर्देशक आदित्य धर को मिली बड़ी जीत

‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार इतिहास रच रही है, लेकिन इस बीच आदित्य धर (Aditya Dhar) की यह फिल्म कई विवादों में भी फंसी हुई है। स्पाई थ्रिलर फिल्म को लेकर चल रहे मामलों में फिल्ममेकर आदित्य धर को गुरुवार को जीत हासिल हुई है। किस मामले में ‘धुरंधर 2’ के निर्देशक को यह जीत मिली, नीचे पढ़ें पूरा मामला:

‘धुरंधर 2’ के निर्देशक को प्लेगरिज्म मामले में मिली राहत
‘लाइव लॉ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक हाईकोर्ट के जस्टिस के.एस. हेमलेखा की एकल पीठ ने फिल्ममेकर संतोष कुमार की उस रिट याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने ‘धुरंधर 2’ को दिए गए सेंसर सर्टिफिकेट को रद्द करने की मांग की थी। कोर्ट को उनकी इस याचिका में दम नहीं लगा और उन्होंने इसे खारिज कर दिया।

याचिका में आरोप लगाया गया था कि इस फिल्म की कहानी बेंगलुरु बेस्ड स्क्रीनराइटर की ओरिजिनल स्क्रिप्ट ‘डी-साहब’ से चुराई गई है। संतोष ने कोर्ट में हर्जाने की मांग करते हुए आदित्य धर के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। उनका दावा था कि आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ में उनकी मूल स्क्रिप्ट से काफी चीजें ली गई हैं। यह मामला अभी भी विचाराधीन है।

संतोष कुमार ने बॉम्बे हाईकोर्ट को दिलाया यह यकीन
आदित्य धर के खिलाफ किए गए एक अलग मानहानि केस में, संतोष कुमार ने बॉम्बे हाईकोर्ट को यह यकीन दिलाया है कि जब तक यह मामला विचाराधीन है, तब तक वह निर्देशक के खिलाफ कोई भी मानहानि से जुड़ा बयान नहीं देंगे। यह बयान जस्टिस आरिफ डॉक्टर के सामने कुमार के वकील ने दिया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह आदित्य धर के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे, लेकिन कोई भी सार्वजनिक बयान नहीं देंगे। जब आदित्य धर के वकील ने निर्देशक पर लगाए गए ‘चोरी’ के बेबुनियाद आरोप पर कुमार से माफी मांगने के लिए कहा था, तो फिल्ममेकर की लीगल टीम ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उनकी शिकायत बिल्कुल सही है।

दरअसल, आदित्य धर की टीम ने स्क्रिप्ट चोरी के आरोपों को गलत बताते हुए कानूनी नोटिस भेजा था। इसमें उन्होंने प्लेगरिज्म की बात को नकारते हुए संतोष कुमार को यह चेतावनी दी थी कि वह इस तरह के झूठे आरोप लगाना बंद कर दें। हालांकि, उनके लेटर का संतोष कुमार की तरफ से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया था, जिसके बाद आदित्य धर ने इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही है ‘धुरंधर 2’
‘धुरंधर 2’ के कलेक्शन की बात करें तो यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर छप्पर फाड़ कमाई कर रही है। एक तरफ जहां मूवी ने वर्ल्डवाइड 1833.2 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है, तो वहीं इंडिया में फिल्म का नेट कलेक्शन 1100 करोड़ से ज्यादा हो चुका है। गल्फ कंट्रीज में बैन होने के बावजूद यह मूवी कई जगह पर नंबर 1 बनी हुई है।

E-Paper