
गोरखपुर। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन के अपने कर्मक्षेत्र गोरखपुर के दौरे पर हैं। वह यहां पर गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र उप चुनाव को लेकर ताबड़तोड़ चुनावी सभा करे रहे हैं। इसके बाद भी अपनी दिनचर्या परंपरागत ही रखी है। गोरखनाथ मंदिर में आज भी सीएम योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही।
मुख्यमंत्री 5:15 बजे अपने कक्ष से निकले और सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दर्शन को पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरख नाथ की पूजा के बाद उन्होंने ब्रह्मलीन गुरु अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। करीब आधा घंटा गौशाला में गुजारने के बाद वह मंदिर कार्यालय में बड़े सवेरे से पहुंचे फरियादियों के बीच पहुंच गए और वहां जनता दरबार लगाया।
आज भी जनता दरबार का सिलसिला 6:30 बजे से लेकर 8:30 तक चला। उन्होंने करीब 150 फरियादियों की समस्याएं सुनी और उन्हें समाधान का आश्वासन दिया। फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा बूथ समिति के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पीपीगंज पहुंच गए हैं। जहां उन्हें भाजपा के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करना है।