केरल और कर्नाटक समेत इन जगहों पर आज भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को कहा कि कर्नाटक, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर आज भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने आगे अनुमान लगाया कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी पूरे दिन भारी बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने गरज के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अलग-अलग स्थानों पर आंधी तूफान की संभावना जताई है

गौरतलब है कि दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड,बिहार समेत अन्य कई जगहों से विदा हो गया है। महाराष्ट्र पर इस समय चक्रवाती हवाओं का एक अक्षेत्र बना हुआ है। यहां से एक ट्रफ रेखा केरल तक जा रही है। इसके चलते  कर्नाटक और केरल  भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली और मुंबई के मौसम का हाल

दिल्ली में आसमान में ज्यादातर समय तक बादल छाए रहेंगे। आज यहां का तापमान  न्यूनतम  20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मुंबई में न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस औरअधिकतम  36 डिग्री सेल्सियस का तापमान रहेगा। यहां भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

मुंबई में बारिश की संभावना नहीं

विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन मुंबई में बारिश की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में तट पर एक ट्रफ बनने के कारण ओडिशा  में  मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार बिहार में  मौसम शुष्क बना रहेगा।

उत्तर-पूर्व मानसून का आगमन

देश के उत्तरी और मध्य भागों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की धीरे-धीरे विदा होने के साथ, मौसम एजेंसी ने 17 अक्टूबर के आसपास उत्तर-पूर्व मानसून के आगमन की भविष्यवाणी की है। विभाग ने यह कहा है कि पूर्व के अधिकांश हिस्सों और मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम भारत के कुछ हिस्से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। आइएमडी ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्व और पूर्वोत्तर में बारिश और देश के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है।

E-Paper