पंजाब में पहली बार कैबिनेट बैठक चंडीगढ़ से बाहर, इन फैसलों पर लग सकती है मुहर

पंजाब में पहली बार कैबिनेट की बैठक चंडीगढ़ से बाहर होने जा रही है। सुल्तानपुर लोधी की मार्केट कमेटी के हॉल में होने जा रही इस बैठक मेें हिस्सा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री पहुंच गए हैं। बैठक मेें हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुरेश कुमार भी पहुंचे हैं। दो दिन पूर्व चर्चा थी कि सुुुुुरेश कुमार पद छोड़ सकते हैं।

कैबिनेट बैठक में गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को लेकर अक्टूबर में बुलाए जाने वाले विधानसभा विशेष सत्र पर मुहर लग सकती है। जानकार सूत्रों का कहना है कि अक्टूबर में सरकार का प्रकाशोत्सव को लेकर विशेष सत्र बुलाने का विचार है। यह कितने दिन का हो, इसको लेकर कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंत्रियों के साथ प्रकाशोत्सव को लेकर प्रबंधों का जायजा भी लेंगे।

प्रकाशोत्सव के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहर में टेंट सिटी भी बनाई जा रही है। इसके अलावा कई अन्य काम भी करवाए जा रहे हैं जिनकी गति काफी धीमी है। इस बात की संभावना है कि कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री जब इन कामों का जायजा लेंगे तो ये गति पकड़ लेंगे। लेकिन यह भी तय है कि जिस गति से काम चल रहे हैं अगर यही गति बनी रही तो दो महीने बाद होने वाले समारोहों में लोगों को दिक्कतें आ सकती हैं। निश्चित रूप से इसका ठीकरा सरकार पर ही फूटेगा क्योंकि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से तो सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

अकाली दल व सरकार के बीच तनातनी

शिरोमणि अकाली दल, SGPC और पंजाब सरकार के बीच दो दिन से समारोह को लेकर तनातनी चल रही है। अकाली दल व सरकार एक-दूसरे पर सहयोग न करने के आरोप लगा रहे हैं। दरअसल दोनों पक्षों में विवाद स्टेज के संचालन करने को लेकर है। SGPC के प्रधान गोविंद सिंह लोंगोवाल का कहना है कि चूंकि यह धार्मिक आयोजन है, इसलिए इसका संचालन SGPC द्वारा किया जाएगा।

सरकार द्वारा गठित तीन मंत्रियों पर आधारित कमेटी ने मांग की थी कि स्टेज का संचालन सरकार के हाथ में हो। इस कमेटी में ओपी सोनी, चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा शामिल हैं। दोनों पक्षों में इस पर सहमति नहीं हो पा रही है इसीलिए दो दिन पहले जब SGPC के प्रधान ने तालमेल कमेटी की मीटिंग बुलाई तो उसमें सरकार का कोई भी नुमाइंदा हाजिर नहीं हुआ।

शिअद भी लगा रहा पूरा जोर

कैप्टन अमरिंदर की ओर से सुल्तानपुर लोधी में कैबिनेट बुलाए जाने का विचार भी इसी मकसद से आया है। हालांकि पता चला है कि कुछ लोग इसके विरोध में भी हैं। शिरोमणि अकाली दल ने भी प्रकाशोत्सव के बहाने अपने पंथक वोट को फिर से बहाल करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा है। पार्टी के कार्यकर्ता इन दिनों सुल्तानपुर लोधी में सभी घरों में सफेद रंग कर रहे हैं। इसकी शुरुआत पार्टी के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल और पार्टी प्रधान सुखबीर बादल ने कुछ दिन पहले ही की थी।

E-Paper