रांची पहुंचे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, झारखंड के 14 लाख किसानों को देंगे ‘आशीर्वाद’

उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू रांची के हरमू मैदान पहुंच गए हैं। उन्‍होंने यहां किसान सारथी रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद हैं। इस क्रम में उपराष्‍ट्रपति लोगों की भीड़ में प्रवेश कर गए। उन्‍होंने हाथ मिलाकर आम लोगों का हाल-चाल पूछा। अब से कुछ देर बाद ही वे रघुवर सरकार की महत्‍वाकांक्षी मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के अंतर्गत राज्य के 13.60 लाख किसानों के खाते में 442 करोड़ की भारी भरकम राशि शनिवार को भेजी जा रही है। इससे पहले बीते दिन ही किसानों के खाते में राशि भेजने की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। राशि भेजने का ट्रायल भी रांची समेत राज्य के सभी 24 जिलों में सफलता पूर्वक कर लिया गया है।

इससे पहले रांची एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति के आगमन के बाद राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से उनका कारकेड हिनू, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और कड़रु होते हुए रेडिशन ब्‍ल्‍यू होटल की ओर बढ़ा है।

झारखंड में मुख्‍यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत राज्य के 35 लाख किसानों के खाते में दो किश्तों में करीब तीन हजार करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जाएंगे। शुक्रवार को कृषि सचिव पूजा सिंघल ने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से जुड़ी जानकारियां साझा की। कृषि सचिव ने बताया कि रांची के हरमू मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे। इस दिन सभी जिलों में समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें राज्य सरकार के मंत्रियों के अलावा सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को लेकर 15 लाख किसानों की डेटा इंट्री का काम पूरा हो चुका है। इनमें 13.60 लाख खातों के सभी दस्तावेजों की पड़ताल का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इन सभी के खाते में शनिवार को प्रथम किश्त की 442 करोड़ रुपये की राशि भेज दी जाएगी। इन किसानों के बीच दो किस्‍तों में 800 करोड़ से अधिक की राशि भेजी जानी है। 400 करोड़ की दूसरी किस्‍त भी जल्द भेजी जाएगी। कृषि सचिव ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों की डेटा इंट्री का कार्य निरंतर चलता रहेगा और क्रमबद्ध तरीके से किसानों के खाते में राशि भेजने का सिलसिला जारी रहेगा।

रांची उपायुक्त राय महिमापत रे ने बताया कि शनिवार को रांची में आयोजित होने वाले समारोह में करीब दस हजार किसान शिरकत करेंगे। इनमें ज्यादातर वे किसान हैं, जिनके खाते में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत राशि भेजी जा रही है। रांची में आयोजित समारोह में जमशेदपुर, गिरिडीह, चतरा, पाकुड़ और लातेहार के कुछ किसान भी शामिल होंगे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के रामलखन गुप्ता ने बताया कि इस योजना को लेकर राज्य के सभी जिलों में किसान रथ भी रवाना किया जाएगा। अगले 45 दिनों में यह रथ राज्य की सभी पंचायतों में पहुंचेगा। जीपीएस से लैस किसान रथ की मॉनीटङ्क्षरग मुख्यालय से की जाएगी।

किसानों को मिलेंगे प्रति एकड़ पांच हजार रुपये
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ पांच हजार रुपये की राशि दी जा रही है। यह अधिकतम पांच एकड़ तक के लिए होगी। स्पष्ट है कि एक एकड़ या उससे कम कृषि भूमि रखने वाले किसानों को पांच हजार और पांच एकड़ तक भूमि रखने वाले किसानों के खाते में अधिकतम 25 हजार रुपये की राशि दो किश्तों में भेजी जाएगी।

कृषि सचिव ने बताया कि यह राज्य की पहली ऐसी योजना है जिसका सौ फीसद भुगतान डीबीटी के माध्यम से होगा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के आकलन के अनुसार राज्य में 83 फीसद किसानों के पास दो एकड़ या उससे कम भूमि है। इनमें 65 फीसद किसान ऐसे हैं जिनके पास एक एकड़ या उससे कम भूमि है।

E-Paper