रघुवर दास ने कहा- विपक्षी पार्टियों के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे

रांची । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर मुख्मंत्री रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस विकास विरोधी पार्टियां हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने झारखंड का विकास नहीं किया और अब विकास की राह में रोड़ा बन रहे हैं। उन्हें डर है कि जनता अगर शिक्षित हो जाएगी तो वोटबैंक की राजनीति बंद हो जाएगी। सीएम रघुवर दास ने कहा कि संकल्प लें कि हम विपक्षी पार्टियों के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। झारखंड में विरोधी शक्तियों को हमें नेस्तानाबूत करेंगे। 

 

रघुवर ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि झारखंड मेरी लाश पर बनेगा। झामुमो ने झारखंड की अस्मिता को कांग्रेस के हाथों बेच दिया। ये इनके गठबंधन का सच है। ये झारखंड विरोधी शक्तियां है, हमें इन्हें नेस्तानाबूत करना है।

सीएम ने कहा कि आप गठबंधन से विचलित न हों। वो अवसरवादी लोग हैं, सुबह वो एक होते हैं और शाम को अलग हो जाते हैं। वो सत्ता के लालची हैं। जल, जंगल, जमीन छीनने वाले नेताओं को इस राज्य की जनता माफ नहीं करेगी। मैं झामुमो, राजद और कांग्रेस को खुली चुनौती देता हूं कि आओ विकास पर मोरहाबादी मैदान में आकर बहस करें। न सिर्फ रांची बल्कि झारखंड के किसी भी जिले में विकास पर बहस करें। मगर उनमें हिम्मत नहीं है क्योंकि हमारे द्वारा किए गए विकास कार्यों के आगे उनकी बोलती बंद हो जाती है।

उनके मुताबिक, झारखंड से गरीबी खत्म करने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। अगर शिक्षकों की कमी है तो सभी उपायुक्त, नौजवानों को कॉन्ट्रैक्ट पर रखें। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी इस फॉर्मूले को लागू कर सकते हैं, जहां एएनएम की कमी है वहां ट्रेनिंग देकर ग्रैजुएट युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट पर रखें।

 
E-Paper