भ्रष्टाचार पर सरकार की नीयत साफ नहीं : इंदिरा हृदयेश

देहरादून : कांग्रेस ने राजधानी और लोकायुक्त के मसले पर सरकार पर हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि इस विधानसभा सत्र में प्रदेश की जनता दो बातों की अपेक्षा कर रही थी। इसमें एक राजधानी और दूसरा लोकायुक्त है। सरकार इन दोनों मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन दोनों मुद्दों पर सरकार पर हमला जारी रखेगी। 

पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार राजधानी और लोकायुक्त को लेकर गंभीर नहीं है। राजधानी के मुद्दे पर पूरे प्रदेश में आंदोलन चल रहा है। उधर, लोकायुक्त पर सरकार बात ही नहीं कर रही है। कह रही है कि इसकी जरूरत नहीं है क्योंकि प्रदेश में भ्रष्टाचार ही नहीं है। 

उन्होंने कहा कि इस बार भी सरकार ने इस मसले पर कुछ नहीं कहा। पहले भी सरकार ने इस मसले को प्रवर समिति को भेज दिया था। इससे साफ है कि जीरो टॉलरेंस केवल एक नारा बन कर रह गया है। महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में आने चाहिए थे। विधेयक व अधिनियम पास होना अच्छी बात है लेकिन जनता के बीच संदेश भी जाना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि लोकायुक्त और राजधानी दोनों अहम मसले हैं। इस कारण हमारे सदस्यों ने सदन में आवाज उठाई। हम इन दोनों मुद्दों पर आवाज उठाते रहेंगे। सरकार कहां राजधानी बनाना चाहती है, स्पष्ट करे। देहरादून बनाना चाहते हैं तो बनाए, यहां तो बनाने की स्थिति मे हैं नहीं। अगले पांच साल ऐसी ही छोटे कर्मचारियों को कष्ट देते रहें।

E-Paper