बड़े अंतर से जीते व्लादिमीर पुतिन, चौथी बार बनेंगे रूस के राष्ट्रपति

रविवार को भारी मतों के अंतर से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जीत मिल गई है। अब वह चौथी बार राष्ट्रपति के पद पर काबिज होंगे। जीत के बाद उन्होंने अपने समर्थकों को धन्यवाद कहा है और नई उपलब्धियों के वादे किए हैं। अपने धन्यवाद भाषण में पुतिन ने कहा- आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। मैं यहां (मॉस्को) जमा हुए लोगों और पूरे देश में मौजूद हमारे समर्थकों से कहना चाहता हूं कि इस परिणाम के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।

 

पुतिन ने कहा कि यह परिणाम बताते हैं कि लोगों का देश में और विकास के प्रति विश्वास और उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में बहुत ही कठिन परिस्थितियों में जो कुछ किया गया यह उसका सम्मान है। लोगों को यह विश्वास और उम्मीद है कि हम उसी तरह के काम को आगे भी जारी रखेंगे। रूस के चुनाव आयोग के अनुसार पुतिन को राष्ट्रपति पद के लिए 72.53 प्रतिशत वोट मिले हैं। पुतिन साल 2000 से रूस के राष्ट्रपति का पद संभाल रहे हैं। लगातार चौथी बार उन्हें जीत मिली है।

6 साल बाद करीब 11 करोड़ वोटर ने रूस के चुनाव में हिस्सा लिया था। रूस के समय के मुताबिक वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हुई और करीब 10 बजे तक चली थी। चुनाव में व्लादिमीर पुतिन के अलावा 7 अन्य उम्मीदवारों ने दावा ठोका था। हालांकि ये सातों उम्मीदवार डमी थे। साल 2000 में उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा था। 53 फीसदी वोट पाकर उन्होंने जीत हासिल की थी। हालांकि मीडिया पर कड़े प्रतिबंध लगाने की वजह से पुतिन की आलोचना भी होती रहती है। बता दें कि रूस में राष्ट्रपति पद का कार्यकाल 6 साल का होता है।

E-Paper