Lok Sabha Elections 2019: हेमंत सोरेन बोले, झारखंड में नहीं खुलेगा भाजपा का खाता

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्षहेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड की 14 में से 14 सीट पर यूपीए के उम्मीदवारों की जीत होगी। भाजपा का खाता तक नहीं खुलेगा। एक सप्ताह के अंदर उम्मीदवार व दलों के नाम स्पष्ट हो जाएगा। महागठबंधन में कोई कठिनाई नहीं है। वहीं, प्रदेश से रघुवर सरकार की विदाई तय मानी जा रही है। केंद्र और राज्य की सरकार ने पूरे देश में अलगाववाद की राजनीति कर समाज को तोड़ने का काम किया है ।

हेमंत से मिले पूर्व विधायक समरेश के पुत्र संग्राम सिंह  

पूर्व विधायक समरेश सिंह के पुत्र संग्राम सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस पर हेमंत ने कहा कि चूंकि उनका बचपन का समय बोकारो में गुजरा है। संग्राम उनके मित्रों में से है। संग्राम सिंह को झामुमो में आने का न्योता दिया जा रहा है। वहीं, संग्राम सिंह ने कहा कि अभी कुछ नहीं है लेकिन झारखंड विकास करने वालों के साथ उनका परिवार हमेशा से रहा है। आगे भी ऐसी स्थिति बनने पर जाने में कोई परहेज नहीं है। संग्राम सिंह उनकी पत्नी श्वेता सिंह व भाभी परिंदा सिंह अभी कांग्रेस में हैं।

मोदी सरकार पर साधा निशाना

हेमंत सोरेन ने पुलवामा हमला को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सीमा पर जवान व देश के अंदर किसानों की मौत हो रही है। बिना युद्ध के सैनिकों की मौत भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण हो रही है। हेमंत सोरेन बोकारो में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे। कहा कि जो जवान शहीद होते हैं तो अलग बात है । 

बिना युद्ध के सैनिक शहीद हो रहे हैं यह केंद्र की गलत नीतियों का परिणाम है । शहीद होने वाले सेना के जवान किसानों के बच्चे हैं । हेमंत ने कहा कि यह देश सवा सौ करोड़ लोगों को लेकर चलने से चलेगा। न कि पीएम व चार मंत्रियों के कारण पूरा देश है। भाजपा ने आज राष्ट्रीयता को ही अलग ढंग से परिभाषित कर दिया है। जो भाजपा का समर्थन करे वह देश भक्त है और अन्य देश द्रोही है। सोरेने का कहना था कि देश में जय जवान-जय किसान की बात होनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

E-Paper