भाजपा के वोटकटवा बनेंगे तोगड़िया

हिन्दूवादी नेता प्रवीण तोगड़िया आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए एक नयी मुश्किल बनने जा रहे हैं। तोगड़िया नौ फरवरी को अपनी राजनीतिक पार्टी की घोषणा करके भाजपा के वोटकटवा बन सकते हैं। श्री तोगड़िया का कहना है कि उनकी पार्टी शुद्ध हिन्दुत्व के एजेंडे पर काम करेगी। राम मंदिर निर्माण और कश्मीर में धारा 370 समाप्त करना उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य होगा। संघ और भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए तोगड़िया ने कहा कि हिन्दुओं के साथ विश्वासघात करने में दोनों की मिलीभगत है। संघ ने राम मंदिर ना बनने पर पहले नाराजगी का नाटक रचा और अब भाजपा को राम मंदिर बनवाने के लिए पांच साल का समय और दे रहा है।

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डा. तोगड़िया ने कहा कि वो राजनीति ताकत तैयार कर रहे हैं। उनकी पार्टी के प्रत्याशी देशभर में चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। अबकी बार हिन्दुओं की सरकार बनायेंगे। ऐसी सरकार जो हिन्दुत्व की अलख जलाये। हिन्दुओं की रक्षा-सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं का आदर करे।

आगरा में सर्व समाज चिंतन बैठक को संबोधित करते हुए तोगड़िया ने एलान किया कि उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके साथ एक करोड़ हिन्दुओं को छला है। जब तीन तलाक पर बिल पास हो सकता है तो राम मंदिर के लिए भी संसद में कानून बन सकता था।

पार्टी के गठन से पहले ही अपने चुनावी मुद्दों का एलान करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनी तो किसानों को उचित दाम और व्यापारियों को पूरा सम्मान मिलेगा। सरकार बनने के दूसरे ही दिन अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू हो जायेगा।

डा,. तोगड़िया की राजनीति पार्टी का रजिस्ट्रेशन चुनाव आयोग में कब होगा ! पार्टी को चुनाव चिन्ह कब तक मिलेगा? इसपर उन्होंने अभी कुछ नहीं बताया।

लगभग डेढ़ महीने बाद लोकसभा चुनाव की तारीख आ जायेगी। इस दौरान तोगड़िया ने अपने राजनीतिक दल के गठन के साथ अपना थोड़ा बहुत भी संगठन खड़ा कर लिया और हर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी उतार दिये तो भाजपा के लिए ये एक झटका होगा। ऐसे में तोगड़िया की पार्टी के उम्मीदवार भाजपा के लिए वोटकटवा साबित होंगे। यही नहीं वोटकटवा के तौर पर चंद सीटों पर भाजपा के मिजाज के पांच-दस हजार वोट काट लेने से ज्यादा तोगड़िया का वो प्रचार ज्यादा घातक होगा जिसमें मंदिर निर्माण की वादाखिलाफी और हिन्दुओं को छलने की बात दोहराई जायेगी।
-नवेद शिकोह
8090180256

E-Paper