
भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल पहुंच चुके हैं। तय समय से महज पांच मिनट देरी यानि 12:05 पर ही सीएम यहां पहुंच गए हैं। अब से कुछ ही देर में उनका भाषण शुरू होगा।
फतेहाबाद रोड स्थित पल्र्स रिसोर्ट में आयोजित बैठक में सीएम के साथ प्रदेश के एक दर्जन से अधिक मंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे सहित 665 पदाधिकारी भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि यह बैठक मिशन 2019 पर केंद्रित रहने की संभावना है। अनुसूचित जाति का गण कहे जाने वाले आगरा में बसपा को बहुत बड़ा वोट बैंक है। बैठक के माध्यम से इसी वोट बैंक में सेंध करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। साथ ही लोकसभा चुनाव में फतह की रणनीति भी तय होगी।
बैठक में केंद्र व प्रदेश सरकार की एससी के हित में लागू योजनाओं के प्रचार-प्रसार का निर्णय लिये जाने की भी संभावना है। पार्टी बूथ कमेटियों में एससी की भागीदारी पहले ही तय कर चुकी है, लेकिन भागीदारी कैसे सुनिश्चित हो? इस बारे में भी मंथन किया जाएगा। बसपा से अनुसूचित वर्ग को अलग करने की रणनीति भी तय की जा सकती है।
प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से कार्यसमिति सदस्य और मोर्चा पदाधिकारी शनिवार रात ही पहुंच गए थे। भाजपा नेताओं के कारण शहर में होटल फुल हो गए। इसको देख पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। रविवार को सुबह से समिति सदस्य और मोर्चा पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे।