
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। केंद्र कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर धरती डोलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह बागेश्वर जिले और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
एनएससी के अनुसार, भूकंप सुबह 07:48:37 बजे आया। इसका केंद्र कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई पर था। सुबह-सुबह आए इन झटकों के कारण कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
मामले की जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के किसी भी तहसील या गांव से अभी तक किसी भी प्रकार के नुकसान की खबर प्राप्त नहीं हुई है।