इंदौर में देर रात बारिश, भीगे गरबा पांडाल, रविवार को भी बारिश का अलर्ट

इंदौर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शनिवार रात शहर में बारिश हुई और मौसम में ठंडक घुल गई। रात 12 बजे रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो देर तक चला। इस समय तक कई नवदुर्गा उत्सवों में गरबे बंद हो जाते है, लेकिन जहां जारी थे, उन्हें भी बीच में गरबे रोकना पड़ा। दर्शक भी बारिश से बचने के लिए इधर-उधर छुपते नजर आए। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश की चेतावनी दी है। इसके चलते इंदौर में कुछ आयोजन रद्द भी हुए है।

रविवार सुबह शहर के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश होती रही। बीते सप्ताहभर से शहर में सुबह से धूप निकलती थी और गर्मी व उमस लोगों को परेशान करती थी, लेकिन शनिवार सुबह से सूर्यदेवता बादलों के पीछे छुप गए और मौसम भी ठंडा हो गया। शनिवार को दिन का पारा 33.2 डिग्री था, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था, लेकिन रविवार को तापमान कम रहेगा।

शनिवार रात का तापमान भी इंदौर में 21 डिग्री से नीचे रहा, जबकि यह शुक्रवार रात को 23.8 डिग्री था, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक इंदौर संभाग के कई हिस्सों में मध्यम व हल्की बारिश होगी।

मौसम विभाग के अनुसार साउथ उडि़सा में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। यह छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की तरफ बढ़ रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। शनिवार रात को भोपाल में भी बारिश हुई। रविवार सुबह इंदौर संभाग के चार जिले अलीराजपुर, धार, बड़वानी व खरगोन में बारिश का अलर्ट है।

E-Paper