बम-बम भोले, जयघोष के साथ हुआ जलाभिषेक

एंकर- महाशिवरात्रि पर भोले के भक्तों ने शिवालयों में रात 12 बजे के बाद ‘बम-बम भोले…’ ‘जय भोले भंडारी..’ के जयघोषों के साथ भोले बाबा का जलाभिषेक किया। सबसे ज्यादा भीड़ अलीगढ़ में श्रीखेरेश्वर धाम और श्री अचलेश्वर धाम पर रही। लंबी लाइनों में लगे हजारों भक्तों ने जलाभिषेक करने के बाद भोलेनाथ के समक्ष अपनी मनोकामना रखी। घंटा घड़ियाल और शंखध्वनि के साथ बाबा भोलेनाथ की आरती होती रही। भोग और धूप अर्चन भी किया गया। दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में ही जलपान कर अपना व्रत शुरू किया।

वीओ- महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर कावंरियों में जबरदस्त उत्साह रहा। पूरे दिन और पूरी रात रामघाट रोड से खैर रोड तक कांवड़ियों के घुंघरुओं से रुनझुन होता रहा। इस दौरान शिवालयों पर शिव भक्तों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स और कारसेवक तैनात रहे। इस बार महाशिवरात्रि में कांवड़ लाने वालों में महिलाओं की संख्या खासी बढ़ी हुई थी। महिलाएं, युवतियां और कम उम्र के किशोरों का उत्साह देखते ही बनता था।

रामघाट रोड पर लगे शिविरों में कांवड़ियों की जबरदस्त सेवा होती रही। स्वल्पाहार और पेयजल के साथ उनके पांव दबाने और कुछ देर थकान उतारने के लिए बिस्तर भी बिछवाए गए थे। महानगर में सुबह से लेकर पूरी रात कांवड़ियां भोले के जयघोष करते हुए शिवालयों की तरह बढ़ते रहे। शाम से शिवालयों पर कांवड़ लाने वालों की भीड़ बढ़ने लगी थी। पुलिस ने भक्तों की सुरक्षा को लेकर रूट डायवर्ट कर दिया था। सिद्धपीठ खेरेश्वरधाम पर रात 12 बजे महाआरती के बाद भोले का जलाभिषेक किया। इसके कुछ देर बाद मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए।

E-Paper