शिवहर में खाना बनाने के दौरान एलपीजी सिलेंडर लीक करने से लगी आग, महिला पंच की जलकर मौत

शिवहर, शहर से सटे शिवहर प्रखंड की परदेशिया गांव के वार्ड दो में खाना बनाने के दौरान एलपीजी सिलेंडर लीक करने से लगी आग में जल कर महिला पंच उषा देवी (50) की मौत हो गई। जबकि, उनके दो पुत्र झुलस गए। दोनों का शिवहर शहर स्थित सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है।  बताया गया हैं कि, पंच उषा देवी शुक्रवार की रात परदेशिया वार्ड दो स्थित अपने घर में खाना बना रही थी। इस क्रम में एलपीजी सिलेंडर लीक करने से रसोई घर में आग लग  गई।

 वहीं आग की लपटें उनके शरीर में पकड़ ली। पंच के शोर मचाने पर पहुंचे दो पुत्रों ने जैसे-तैसे आग  बुझाया। तबतक उषा देवी का 50 फीसद शरीर जल चुका था। आग बुझाने के क्रम में उनके दोनों पुत्र भी झुलस गए। स्थानीय लोगों द्वारा पंच और उनके दोनों पुत्रों को देर रात इलाज के लिए सरोजा सीताराम  सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने गंभीर स्थिति को देखते हुए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की अलसुबह पंच उषा देवी की मौत हो गई। 

 उषा देवी की मौत की खबर के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया  है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्वजन शव के लाए जाने का इंतजार कर रहे है। जबकि,परदेशिया पंचायत के मुखिया चंदन कुमार और सरपंच सह कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश सिंह ने हादसे पर दु:ख जताया है। वहीं कहा कि इलाके के लोगों ने उषा देवी के रूप में एक कर्मठ जन प्रतिनिधि सह सामाजिक कार्यकर्ता को खो दिया है।

E-Paper