गुमला में पुलिस का कॉलर पकड़ने वाले विधायक के भतीजे की जमकर पिटाई

नेशनल हाईवे 43 भलमंडा के समीप सोमवार की शाम एएसआइ फागु राम उरांव के साथ धक्का-मुक्की व उनका काॅलर पकड़ने के आरोप में विधायक भूषण तिर्की के भतीजे रिचर्ड तिर्की की रायडीह पुलिस ने जमकर धुनाई की। इसके बाद थाना में पीआर बांड लिखाकर उसे छोड़ा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार नेशनल हाईवे 43 भलमंडा के समीप करीब साढ़े चार बजे एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इसे लेकर नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

इसी क्रम में भरनो थाना में पदस्थापित एएसआइ फागु राम उरांव किसी आवश्यक कार्य के लिए रायडीह थाना जा रहे थे। वाहनों की लंबी कतार होने के कारण सहयोग करने के इरादे से फागु राम उरांव भी यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में लगे थे। इसी दौरान गुमला की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार जाम से निकलने की कोशिश कर रही थी। उसे रोकने पर कार में बैठे रिचर्ड तिर्की अपने कार से उतर कर विधायक चाचा का धौंस जमाते हुए एएसआइ फागु राम से उलझ गया, जो सिविल ड्रेस में थे।

सिविल ड्रेस में होने के कारण रिचर्ड एएसआइ को पहचान नहीं सका और उनके साथ धक्का मुक्की करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया। यह देख रायडीह थाना प्रभारी नीतीश कुमार व पुलिस बल ने रिचर्ड की धुनाई की और उसे पकड़कर थाना ले गए। जब थाना में रिचर्ड के पकड़े जाने की खबर समर्थकों को मिली तो फोन की घंटियां बजनी शुरू हो गई। इसके बाद पीआर बांड लिखाकर रिचर्ड को थाना से छोड़ दिया गया।

दूसरी ओर एएसआइ फागु राम उरांव ने रायडीह थाना में धक्का मुक्की व गाली गलौज करने का आरोप रीचर्ड पर लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। रायडीह थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि एएसआइ फागु राम से रिचर्ड तिर्की ने धक्का मुक्की करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया था। फागु ने इसकी लिखित शिकायत की है। रिचर्ड को पीआर बांड लिखाकर छोड़ा गया है। एएसआइ फागु राम ने बताया कि वाहनों की लंबी कतार के बीच से रीचर्ड कार को ले जाना चाह रहा था। विरोध करने पर धक्का मुक्की व गाली गलौज करने लगा।

E-Paper