झारखंड: एक करोड़ के इनामी अनल दा के दामाद को CRPF ने पकड़ा, दस्ते के लिए करता था यह काम

भाकपा माओवादी सेंट्रल कमेटी के सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी पतिराम मांझी उर्फ अनल दा के दामाद पीरटांड निवासी टेकलाल किस्कू समेत दो माओवादियों को सीआरपीएफ एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया दूसरा माओवादी दानियल मुर्मू महज 20 साल का है। दरअसल, टेकलाल अपनी पत्नी के साथ मछली खरीदने मंगलवार को मधुबन के समीप धावाटांड़ हटिया गया था। वहीं से उसे गिरफ्तार किया गया।  पत्नी को पुलिस ने छोड़ दिया है। टेकलाल से पूछताछ के बाद पुलिस को दानियल मुर्मू का सुराग मिला। उसे  गुरुवार को पीरटांड़ स्थित उसके गांव कठवारा से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को शुक्रवार को गिरिडीह अदालत में पेश किया। वहां के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेजा गया। 

कृष्णा के दस्ते को उपलब्ध कराता है संसाधन

पुलिस के अनुसार टेकलाल पारसनाथ जोन के नक्सली कमांडर कृष्णा हांसदा का अति करीबी है। वह दस्ते में नहीं रहता है, मगर बाहर रहकर ही वह हर संसाधन उपलब्ध कराता है। ठेकेदारों से वह लेवी भी वसूलता है। डुमरी के एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी कृष्णा हांसदा के दस्ते के लिए बड़ा झटका है। टेकलाल एवं दानियल पर्वतपुर में निर्माणाधीन सीआरपीएफ कैंप पर हमले, बिरनी में सड़क निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी की गाडिय़ों को जलाने एवं डुमरी में बन रहे मॉडल डिग्री कॉलेज में मशीनों को जलाने के मामले में कृष्णा हांसदा के दस्ते के साथ शामिल थे। 

टेकलाल की पत्नी ने बताई यह बात

पीरटांड़ थाना पहुंची अनल दा की बेटी एवं टेकलाल किस्कू की पत्नी नीलू का कहना है कि डुमरी के कारी पहरी में फुफेरी बहन का तिलका था। अतिथियों के लिए मंगलवार को टेकलाल के साथ वह मछली खरीदने गई थी। तभी रास्ते में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया

E-Paper