UP में मतदाता सूची खंगालने का अभियान हुआ चालू

लखनऊ। भाजपा के मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बूथों पर पहुंचकर प्रदेश भर में मंत्री, सांसद और विधायक मतदाता सूची खंगाल रहे हैं। शनिवार से शुरू हुए इस अभियान में फर्जी मतदाताओं का नाम हटवाने और नए मतदाताओं का नाम जोडऩे के लिए इन जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने खुद नए मतदाताओं के फार्म भरकर बीएलओ को सौंपे।

बूथ अध्यक्ष के घर से अभियान प्रारंभ 

सोमवार को बंसल लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के हजरतगंज स्थित रामतीर्थ वार्ड के बूथ क्रमांक 280 पर सुबह पहुंचे और बूथ अध्यक्ष के घर से अभियान प्रारंभ किया। बंसल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह जरूरी है कि प्रत्येक 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक मतदाता बनें और स्वस्थ मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान करें। प्राथमिक बालक विद्यालय बेसिक शिक्षा परिषद नरही में नए मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए बंसल ने फार्म भरे और युवाओं को प्रोत्साहित किया। भाजपा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अन्तर्गत बूथ स्तर पर पहुंचकर एक-एक परिवार में संपर्क करके मतदाता सूची में 18 वर्ष पूरे कर चुके युवक-युवतियों के नाम जुड़वा रही और दिवंगतजन के नाम हटवाने के लिए फार्म भर रही। इसके साथ ही भाजपा मतदाता सूचियों में फर्जी नाम हटवाने का भी कार्य कर रही है।

मतदाता पुनरीक्षण कार्य में सहभागी बने 

बंसल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है कि वह निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में सहभागी बने ताकि पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं और अपात्र लोगों के नाम हटवाए जाएं। प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, मंत्री मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बूथ पर पहुंच कर सम्पर्क कर रहे हैं। बंसल के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभियान प्रभारी जेपीएस राठौर भी साथ रहे। महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष कैलाश गुप्ता समेत कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत संपर्क किया।

E-Paper