किसान आंदोलन: जालंधर में निजी मोबाइल कंपनी के टावर पर चढ़े किसान, लम्मा पिंड चौक में हंगामा

जालंधर में लम्मा पिंड चौक पर किसान समर्थकों ने हंगामा कर दिया है। वे यहां एक बड़ी निजी कंपनी का मोबाइल टावर बंद करवाने के लिए बिल्डिंग पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर नीचे बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। वे किसान समर्थकों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल, लम्मा पिंड चौक पर अफरा-तफरी का माहौल है।

किसान समर्थक कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने को नारेबाजी कर रहे हैं। वे निजी कंपनी के मोबाइल टावर के ऊपर चढ़ गए हैं। कुछ किसान उस बिल्डिंग की छत पर भी डटे हैं जहां यह टावर लगा हुआ है। प्रदर्शन के दौरान नीचे बड़ी संख्या में पुलिस तैनात है।

जालंधर कैंट में भाजपा नेताओं को पैलेस में बंद कर दिया था

बता दें कि जालंधर में पिछले कुछ दिनों से भारतीय किसान यूनियन राजेवाल और उनके समर्थकों की ओर से कृषि सुधार कानूनों को लेकर विरोध तेज कर दिया गया है। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर उन्होंने भाजपा की ओर से मनाए जा रहे कार्यक्रमों में पूरे पंजाब में खलल डाला था। जालंधर कैंट में उन्होंने उस पैलेस में ताला लगा दिया था जिसमें भाजपा कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती मनाने पहुंचे थे। भाजपा नेता पड़ोस के घरों की छतों से पैलेस से बचकर निकले थे।

करीब 50 गाड़ियों में पहुंचे किसान समर्थकों ने रास्ते में पुलिस के लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए थे। पैलेज जाते समय उनकी पुलिस के साथ भी झड़प हुई थी। उसी दिन शहर में किसानों उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से सांसद हंस राज हंस का जालंधर के लिंक रोड स्थित आवास का भी घेराव करके नारेबाजी की थी।

E-Paper