उत्तराखंड के इन तीन बड़े भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया गया नोटिस

देहरादून: पार्टी संगठन के कार्यक्रमों में फोटो खिंचवाने के दौरान अक्सर धक्कामुक्की करना संगठन ने अनुशासनहीनता माना। इस मामले में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने तीनों को नोटिस जारी किया है। 

महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिनेश रावत, अजय सिंघल और सरदार जीवन सिंह को उक्त कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब देने को कहा है। नोटिस में महानगर अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के अत्यंत वरिष्ठ कार्यकर्ता होने के बावजूद 19 जून को भारतीय जनता पार्टी महानगर की आयोजित योग के लिए पदयात्रा कार्यक्रम में यह अनुशासनहीनता की गई। 

उन्होंने कहा कि पदयात्रा का नेतृत्व स्वयं प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट कर रहे थे और इसमें प्रदेश के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विधायक गण उपस्थित थे। इस पदयात्रा में तीनों के आचरण से पार्टी की छवि को विपरीत प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आ रहा है कि पार्टी के ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में तीनों वरिष्ठता एवं पार्टी प्रोटोकॉल की अवहेलना करते हुए अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों को पीछे करते हुए मात्र फोटो खिंचवाने के लिए धक्का मुक्की करते हैं। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि यह उनकी सामान्य आदत बन गई। जो कि बढ़ते हुए भाजपा परिवार को नियंत्रित करने के लिए परेशानी का कारण बन रही है। 

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं पर सीधे कोई कार्यवाही करना भी उचित नहीं है। इसलिए नोटिस के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर इस आचरण का स्पष्टीकरण दें। साथ ही चेताया कि क्यों ना तीनों को पार्टी के ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में उपस्थित रहने से प्रतिबंधित कर दिया जाए। 

E-Paper