8 साल बाद भी बच्चे नहीं हुए तो करवाचौथ पर महिला ने पति को दी सजाये मौत

नई दिल्ली। हर महिला की तमन्ना रहती है कि वह हमेशा सदा सुहागन रहे और पति की दीर्घायु की कामना के लिए बड़े-बड़े जतन भी करती है। बुधवार को करवाचौथ की धूम देशभर में देखने को मिली, जिसमें शादी शुदा महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख और वैभव के लिए व्रत रखा। इस बीच मध्य प्रदेश में एक घटना ऐसी सामने आई, जिसे सुनकर सबके होश उड़ गए। करवाचौथ पर मध्य प्रदेश में एक महिला पर पति को जलाकर हत्या करने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक पत्नी ने बच्चा नहीं होने को लेकर हुए विवाद के बाद पति पर केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।

यह घटना गंधवानी के बोरडाबरा गांव की है। रात के करीब डेढ़ बजे विवाद के बाद पत्नी ने पति को जिंदा जलाने की कोशिश की। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक विवाद होने की मुख्य वजह शादी के 8 साल बाद भी बच्चे नहीं होना था। पुलिस ने बताया कि बच्चे नहीं होने की वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी हिरलबाई ने केरोसीन डालकर पति तोप सिंह को आग के हवाले कर दिया।

तोप सिंह के चीखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग उनके घर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक वो बुरी तरह झुलस चुके थे। नाजुक हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत के बाद धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

गंधवानी थाना के प्रभारी जयराज सोलंकी ने बताया कि मौत से पहले पीड़ित पति का भी बयान लिया गया और उसी आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय तोप सिंह की छोटी बहन घर पर ही थी और वो खाना खाकर सो गई थी। तोप सिंह जब रात में 11 बजे घर पहुंचा तो बच्चे की बात को लेकर ही दोनों का झगड़ा शुरू हो गया. दोनों को एक दूसरे पर दूसरी शादी कर लेने का शक था जिसके बाद यह विवाद और बढ़ गया था।

E-Paper