पाकिस्तान में पांच हजार के लिए बेचा पत्नी को, खरीददारों ने 21 दिनों तक किया गैंगरेप

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक महिला को उसके पति ने पांच हजार रुपये में कथित तौर पर चार व्यक्तियों को बेच दिया। खरीदने वालों ने महिला के साथ 21 दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना लाहौर से 200 किलोमीटर दूर स्थित उत्तरी सरगोधा की है। महिला वहां से किसी तरह तरह भागकर स्थानीय पुलिस थाने पहुंची। पुलिस ने महिला के पति और चार अन्य आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने से मना कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने बुधवार को सरगोधा सत्र न्यायालय में एक आवेदन दाखिल किया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मुहम्मद इजाज ने सरगोधा जिला पुलिस को नोटिस जारी कर दो नवंबर को मामले पर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

आपको बता दें कि पाकिस्तान में एक महिला ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटियों का छह दिन तक रेप किया गया। पीड़ित लड़कियों की उम्र 15 साल और 17 साल बताई गई। लड़कियों को 11 लोगों ने मिलकर किडनैप कर लिया था और लड़की को फैसलाबाद के आसपास के इलाकों में रखा गया था। इस घटना को लेकर पाकिस्तान में लोगों का गुस्सा भड़क गया था।

E-Paper