अमिताभ ने लिखा कोरियोग्राफर के जाने के बाद, ‘हाथ जुड़े हैं , मन अशांत’, बाकी सेलेब्स भी सदमे में

फिल्म इंडस्ट्री के लिए ये साल मनहूस साबित होता जा रहा है। हाल ही में हुई सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लोग अभी भूल भी नहीं पाए हैं, कि बॉलीवुड की लेजेंड कोरियोग्राफर सरोज ख़ान ने भी आज इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सरोज खान 71 साल की उम्र में हम सबको छोड़कर चली गईं। मुंबई के गुरु नानक अस्पताल में सरोज ख़ान ने आखिरी सांस ली। कोरियोग्राफर का निधन कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ है।

सरोज ख़ान का जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका है। सेलेब्स ट्विटर पर ट्वीट कर सरोज ख़ान को श्रद्धांजलि दे रहे हैं साथ ही इस खबर को शॉकिंग बता रहे हैं। बॉलीवुड के महानायक अभिताभ बच्चन ने सरोज खान के जाने पर दुख ज़ाहिर किया है। अमिताभ ने सरोज ख़ान का नाम तो नहीं लिखा पर उनके पोस्ट से ही समझ आ रहा है कि कोरियोग्राफर के जाने से वो कितने दुखी हैं। बिग बी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हाथ जुड़े हैं , मन अशांत’।

बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने लिखा, ‘इस बुरी खबर के साथ जागा हूं कि कोरियोग्राफर सरोज ख़ान जी नहीं रहीं। उन्होंने डांस को बहुत आसान बना दिया जैसे कोई भी डांस करत सकता है। इंडस्ट्री को एक बड़ा नुकसान। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे’।

अनुपम ख़ेर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘डान्स की मल्लिका #सरोजखान जी अलविदा।आपने कलाकारों को ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान को बहुत ख़ूबसूरती से सिखाया कि “इन्सान शरीर से नहीं, दिल और आत्मा से नाचता है”।आपके जाने से नृत्य की एक लय डगमगा जाएगी। मैं पर्सनली ना सिर्फ़ आपको बल्कि आपकी मीठी डांट को भी बहुत मिस करूँगा’।

फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हे भगवान…सरोज खान के निधन की भयानक खबर के साथ जगा हूं। हमेशा उनसे बहुत प्यार मिला। गोल फिल्म के बिल्लो रानी गाने में उनके साथ काम करने का मौका मिला था। भगवान उनकी आत्म को शांति दे।

E-Paper