लूटपाट का विरोध करने पर लुटेरों ने किशोर का हाथ पैर बांध जिंदा जलाने की कोशिश की…

 घर में लूटपाट का विरोध करने पर लुटेरों ने किशोर का हाथ पैर बांध जिंदा जलाने की कोशिश की। इस घटना में उसके पैर गम्भीर रूप से झुलस गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लुटेरों द्वारा 40 हजार रुपये सहित लाखों के जेवर लूट लिए जाने की खबर है। पुलिस अधिकारी घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।

घटना मोतीगंज थाना क्षेत्र के हरसो पट्टी गांव में बीती रात हुई। गांव निवासी संतराम शुक्ल के घर करीब छह लुटेरे दो बजे घर मे घुसकर लूट पाट करने लगे। खटपट की आवाज सुनकर घर मे सो रहा किशोर दीपेश कुमार शुक्ल जग गया। उसने लुटेरों का विरोध किया। इस पर लुटेरों ने उसका हाथ-पैर बांध दिया। इसके बाद पेट्रोल डालकर पैर जला दिया। घायल दीपेश कुमार ने बताया कि वह घर में अकेला सो रहा था। पिता बाहर बने घर में सो रहे थे। रात्रि करीब दो बजे मुझे खटपट की आवाज सुनाई दी।

लुटेरे आलमारी को खोल रहे थे। विरोध करने पर उन लोगो ने मुझे मारा पीटा और हाथ पैर बांध दिया। इसके बाद पेट्रोल डाल कर जला दिया। गुहार सुनकर गांव के लोग तथा पिता दौड़े तो लुटेरे फरार हो गए। बताते है कि इस घटना में 40 हजार रुपये सहित लाखों के आभूषण लुटेरे लूट ले गए। एएसपी महेंद्र कुमार ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है, जिसके ऊपर आरोप लगाया जा रहा है, उससे पट्टीदारी का विवाद है। उसकी उम्र भी अधिक है। घटना संदिग्ध लग रही है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

E-Paper