झाविमो से निष्‍कासित विधायक बंधु तिर्की व प्रदीप यादव गुट ने कांग्रेस में विलय की घोषणा की…

 झारखंड विकास माेर्चा (झाविमो) से निष्‍कासित विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव के गुट ने झाविमो के कांग्रेस में विलय की घोषणा की है। रविवार काे बंधु तिर्की के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में दोनों नेताओं ने यह घोषणा की। पार्टी और विधायक दल के कांग्रेस में विलय की घोषणा की गई है। प्रेस वार्ता में विलय की घोषणा से पूर्व झाविमो से निष्‍कासित विधायक बंधु तिर्की ने कहा है कि वे कार्यकर्ताओं के परामर्श से ही पार्टी बदलेंगे।

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने को लेकर सोनिया गांधी-राहुल गांधी से बात हुई है। रांची स्थित अपने आवास पर अपने अगले राजनीतिक कदम की घोषणा को लेकर बुलाए गए बैठक के बाद प्रेस वार्ता में बंधु तिर्की ने कहा कि वे अपने समर्थकों से राय लेकर ही किसी पार्टी में शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में पोड़ैयाहाट विधायक और झाविमो से निष्‍कासित प्रदीप यादव तथा पूर्व मंत्री सबा अहमद भी मौजूद रहे।

दूसरी ओर, प्रदीप यादव ने कहा कि हम लोग झारखंड विकास मोर्चा में जमीन के लुटेरों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे। जिन लोगों ने दिल्ली और मुंबई के व्यवसायियों को ग्रामीणों की जमीन दे दी, उस पार्टी में कैसे जाएं। सोनिया और राहुल गांधी ने कहा है कि आप की लड़ाई में हमारा साथ मिलेगा। हमने एक हाथ बढ़ा दिया है और दूसरा हाथ बढ़ेगा जब आप हां कहेंगे। इस दौरान बंधु तिर्की के आवास में झारखंड विकास मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमी रही।

E-Paper