
भारत से रुपईडीहा चेकपोस्ट पर रविवार की देर रात भीषण हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि रुपईडीहा बार्डर से सीमा पार कराए गए नेपाली प्रवासियों से भरी मिनी बस की नेपालगंज- काठमांडु हाईवे पर शमशेरगंज के पास ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में बस पर सवार 12 प्रवासियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी कल्याण के मुताबिक पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
ये है पूरा मामला
दरअसल, भारत व नेपाल का रोटी व बेटी का रिश्ता है। लिहाजा रोजगार के सिलसिले में अधिकांश नेपाली नागरिक भारत का रुख करते हैं। देशव्यापी लॉकडाउन लागू होने के बाद से देश के विभिन्न प्रांतों में रह रहे नेपाली नागरिक जैसे-तैसे रुपईडीहा बार्डर के रास्ते अपने वतन लौट रहे हैं। नेपाल के कल्याण जिले के रहने वाले 32 प्रवासी मुंबई, दिल्ली समेत कई प्रांतों से कई दिन पहले रुपईडीहा बार्डर पर पहुंचे थे। दोनों देशों के बीच वार्ता होने के बाद इन प्रवासियों को रविवार रात करीब नौ बजे रुपईडीहा बार्डर से नेपाल के सिपुर्द किया गया था। यहां से उन्हें नेपाली मिनी बस से गंतव्य रवाना किया गया था। नेपाल के अधिकारियों के मुताबिक, देर रात शमशेरगंज के पास मिनी बस व ट्रक में आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें 12 प्रवासियों की मौत होने की पुष्टि की गई है। सवार अन्य घायलों में भी पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। नेपालगंज के भेरी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रकाश थापा ने बताया कि पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। कुछ मृतकों की पहचान हो गई है।
ये हुए घायल
हादसे में सीताराम, मेघराज, सोनार परिहार, बीरेंद्र परिहार, पूरन, विष्णु गिरि, दिल बहादुर, कुपेंड शाह, रूपलाल, देपेश चौधरी, जीवन लाल, नर बहादुर, ज्ञान बहादुर, भरत थापा, शिव भंडारी, मीनराज, लोकेश , तेज बहादुर, देवेंद्र खड़का, दीप बहादुर, धन बहादुर समेत 22 लोग घायल हुए हैं।