महाभारत के ‘दुर्योधन’ पुनीत इस्सर ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

 महाकाल के दर्शन करने महाभारत के दुर्योधन पुनीत इस्सर उज्जैन पहुंचे। पुनीत इस्सर कहा महाकाल के दर्शन करने से मैं धन्य हो गया हूं। उन्होंने बताया कि महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित संजय उनके परम मित्र हैं, उनके बोलने पर वे महाकाल दर्शन पर आए। उन्होंने कहा, ‘आज मैं जो कुछ हूं अपने माता-पिता के आशीर्वाद से हूं, मगर अब मेरी माता इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मैं उनके मार्गदर्शन में सदा चलता आया हूं, उज्जैन से मेरा बहुत गहरा नाता रहा।

जाने-माने अभिनेता और निर्देशक हैं पुनीत इस्सर

पुनीत इस्सर हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक हैं, जो पिछले करीब चार दशकों से छोटे और बड़े पर्दे पर अभिनय करते आए हैं। इन्हें बी आर चोपड़ा के महाभारत धारावाहिक में दुर्योधन के चरित्र के रूप में ख्याति प्राप्त हुई थी। उससे पहले फिल्म ‘कूली’ की शूटिंग के दौरान एक स्टंट में अमिताभ बच्चन को उनके हाथों लगी गंभीर चोट की वजह से वे पहली बार सुर्खियों में आए। इस हादसे की वजह से उन्हें काफी दिनों तक प्रेस और बिग-बी के प्रशंसकों के गुस्से का सामना करना पड़ा। यहां तक की करीब 6 वर्ष तक बॉलीवुड से पुनीत बहिष्कृत भी रहे। जिसके बाद बी आर चोपड़ा ने उन्हें अपने पौराणिक धारावाहिक महाभारत में दुर्योधन का किरदार निभाने को दिया। यह किरदार इनके लिए मील के पत्थर की तरह साबित हुआ। पुनीत इस्सर ने सलमान खान द्वारा अभिनीत फिल्म ‘गर्व’ का भी निर्देशन किया है। इसके अलावा वे बिग बॉस-8 में भी नजर आए थे।

 
E-Paper