लंदन में गैस लीक से बाल बाल बचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा

लंदन। ब्रिटेन में मंगलवार को गैस रिसाव के चलते हड़कंप मच गया। एजुकेशन वल्र्ड फोरम 2018 में हिस्सा लेने आए भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों समेत डेढ़ हजार लोगों के सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। 10 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी शामिल हैं। स्थानीय समय के अनुसार सोमवार देर रात दो बजे गैस रिसाव के बाद इन लोगों को लंदन के चेरिंग क्रास इलाका स्थित अंबा होटल से सुरक्षित निकाला गया।

ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय प्रतिनिमंडल के ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। लंदन फायर ब्रिगेड के प्रवक्ता ने बताया कि गैस पाइप फटने की वजह से गैस का रिसाव हुआ। इसके बाद एक होटल और नाइट क्लब से 1,450 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके अलावा एहतियात के तौर पर दो रेलवे स्टेशन चेरिंग क्रास और वाटरलू ईस्ट बंद कर दिए गए। गैस पाइप फटने का कारण का अभी पता नहीं चल सका।

लंदन पुलिस ने गैस प्रभावित क्षेत्र में ना जाने की सलाह दी है। एजुकेशन फोरम को शिक्षा और कौशल मंत्रियों का दुनिया का सबसे बड़ा सम्मेलन माना जाता है। इसका उद्घाटन ब्रिटेन के शिक्षा मंत्री डेमियन हाइंड्स ने सोमवार को किया था। गैस रिसाव से मंगलवार को सम्मेलन के कार्यक्रम पर असर नहीं पड़ा। सम्मेलन बुधवार को समाप्त होगा। 

E-Paper