
इस्लामाबाद: भारत से पाकिस्तान की दुश्मनी किसी से छिपी नहीं है और भारत के खिलाफ पाकिस्तान हमेशा नापाक हरकत करता रहता है ऐसे में भारत के हाथ आधुनिक टेक्नॉलॉजी के हथियार और जासूसी उपकरण लगने पर पाक की चिंता स्वाभाविक है. हाल ही में भारत भारत ने अत्याधुनिक ड्रोन टेक्नॉलॉजी विकसित किया है जिस पर बुधवार को पाकिस्तान ने चिंता जताई और इसे चिंताजनक भी बताया.
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल से साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में भारत के रूस्तम 2 को लेकर सवाल किया गया था जिसे अमेरिकी प्रीडेटर ड्रोन की तर्ज पर निगरानी एवं टोह लेने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा, भारत द्वारा ड्रोन प्रौद्योगिकी का विकास करना चिंताजनक है, जब इसे परंपरागत और गैर परंपरागत क्षेत्रों में उसके द्वारा निर्माण एवं सैन्य क्षमताओं के विस्तार के संदर्भ में देखा जाता है. उन्होंने कहा कि ड्रोन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून एवं किसी जिम्मेदार देश के व्यवहार के अन्य स्थापित नियमों के अनुरूप होना चाहिए.
उन्होंने इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) द्वारा पाकिस्तान के अभिनेताओं एवं कलाकारों पर प्रतिबंध बरकरार रखने के निर्णय की भी आलोचना की और इसे भारत में व्याप्त अतिवाद और पाकिस्तान विरोधी पूर्वाग्रह का एक और उदाहरण बताया. फैसल ने कहा कि कलाकारों को प्रतिबंधित करने के बाद कई अन्य फैसले आये जिसमें पाकिस्तानी श्रद्धालुओं को वीजा जारी नहीं करना, सिख धर्मावलंबियों एवं कटासराज जाने वाले श्रद्धालुओं को सम्मिलित होने की इजाजत नहीं देना तथा खेल मैचों को रद्द करना भारत में बढ़ती असहिष्णुता और व्याप्त पूर्वाग्रह को रेखांकित करते हैं.
@DRDO_India successfully flew its Rustom 2 today at its Aeronautical Test Range (ATR) at Chalakere at Chitradurga. @DefenceMinIndia @PIB_India @MIB_India @nsitharaman pic.twitter.com/XraISjLtXA
— A. Bharat Bhushan Babu (@SpokespersonMoD) February 25, 2018
इस सवाल पर कि क्या पाकिस्तान और भारत के विदेश सचिवों के अफगानिस्तान में ‘काबुल प्रोसेस’ से इतर मुलाकात करने की संभावना है, उन्होंने कहा, ऐसी किसी भी बैठक की परिकल्पना नहीं की गई है. भारतीय मीडिया में आई उस खबर के बारे में पूछे जाने पर कि आने वाले दिनों में भारत के विदेश सचिव पाकिस्तान की यात्रा कर सकते हैं, उन्होंने कहा कि मुझे ऐसी किसी यात्रा की जानकारी नहीं है.
भारत और पाकिस्तान द्वारा वृद्ध, मानसिक रूप से बीमार और महिला कैदियों के आदान प्रदान से जुड़े समझौते की योजना के बारे में पूछे गए एक सवाल पर फैसल ने कहा कि प्रस्ताव पर गृह मंत्रालय गौर कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि नियंत्रण रेखा और कामकाजी सीमा पर भारत के आक्रामक रूख का न केवल पाकिस्तान बल्कि पूरे क्षेत्र पर प्रभाव पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के संघर्षविराम उल्लंघनों का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है. यह खेदजनक है कि भारत ऐसे कृत्यों का सहारा लेता है जो पूरे क्षेत्र की शांति एवं स्थिरता के लिए हानिकारक हैं. फैसल ने कहा कि भारत की पाकिस्तान के खिलाफ आधारहीन आरोप लगाने की प्रवृत्ति है.