
गुरुवार को होंडुरास के तट पर दो अलग-अलग हमलों में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में छह पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
पहला हमला उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका के एक बागान में हुआ। लोक अभियोजक कार्यालय के प्रवक्ता यूरी मोरा के अनुसार, यहां कम से कम 19 मजदूरों को गोली मार दी गई जिससे उनकी मौत हो गई। प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध यह क्षेत्र दशकों से कृषि भूमि विवादों का केंद्र रहा है।
इंटर-अमेरिकन कमीशन ऑन ह्यूमन राइट्स ने इससे पहले क्षेत्र के कुछ कार्यकर्ताओं के लिए एहतियाती उपाय जारी किए थे। इन कार्यकर्ताओं को पर्यावरण और भूमि अधिकारों की रक्षा करने के उनके काम के कारण धमकियां मिली थीं, उनकी जासूसी की गई थी और उन्हें डराया-धमकाया गया था। 2024 में पर्यावरण नेता जुआन लोपेज की हत्या ने होंडुरास के इस अत्यधिक सैन्यीकृत क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने के खतरों को उजागर किया था।
गैर-सरकारी संगठन ग्लोबल विटनेस के अनुसार, मध्य अमेरिकी देश होंडुरास लगातार पर्यावरणविदों के लिए सबसे खतरनाक देशों में से एक माना जाता है। यहां 2024 में पांच और उससे एक साल पहले 18 पर्यावरणविदों की हत्या कर दी गई थी। हाल ही में लोपेज़ की हत्या की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो उच्च दंडमुक्ति दर वाले इस देश में न्याय की एक दुर्लभ झलक पेश करता है।