मिशन 2027: बंगाल के बाद UP फतह की तैयारी, बूथों पर बढ़ी सक्रियता

भाजपा ने मिशन यूपी 2027 के लिए संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े पदाधिकारी मैदान में उतर आए हैं।

बंगाल समेत तीन राज्यों में चुनावी फतह के बाद भाजपा अब मिशन यूपी- 2027 पर केंद्रित हो गई है। बूथों पर कार्यकर्ताओं को नए सिरे से सक्रिय किया जा रहा है। बड़े नेता कार्यकर्ताओं के साथ जुटकर काम कर रहे हैं। निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को मनाया जा रहा है ताकि चुनावी अभियान में कोर-कसर न रहे।

नवंबर 2024 में शुरू हुई भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। मेरठ में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के पदों के लिए नामांकन दाखिल हुए। गहमागहमी के बीच 16 मार्च 2025 को महानगर अध्यक्ष के रूप में विवेक रस्तोगी का मनोनयन किया गया, लेकिन जिलाध्यक्ष की घोषणा लटक गई। अति पिछड़ा वर्ग को तरजीह देते हुए 26 नवंबर 2025 को भाजपा ने हरवीर सिंह पाल को जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया।

इसके बाद 17 मार्च 2026 को महानगर की कार्यकारिणी घोषित की गई लेकिन जिला इकाई की कार्यकारिणी घोषित नहीं हो पाई है। इसमें सबसे अधिक खींचतान तीन महामंत्री के पदों को लेकर चल रही है। जातीय समीकरणों को भी कसौटी पर परखा जा रहा है। जिन जातियों के नेता जिलाध्यक्ष बनने में नाकाम रहे, उन नेताओं को उपाध्यक्ष या महामंत्री पदों पर समायोजित किया जाना है। 2027 के चुनाव निकट देखकर शीघ्र ही गठन पूरा होने के आसार हैं।

प्रदेश कार्यकारिणी में जगह पाएंगे मेरठ के नेता
प्रदेश कार्यकारिणी में कई नेता शामिल हो सकते हैं। सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी उपाध्यक्ष के बाद प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व निभा चुके हैं। एमएलसी अश्विनी त्यागी लंबे समय तक प्रदेश मंत्री, उपाध्यक्ष और महामंत्री रह चुके हैं। इस समय पूर्व सांसद कांता कर्दम प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

देवेंद्र सिंह भी प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल रहे हैं। अवनीश त्यागी इस समय प्रदेश प्रवक्ता के दायित्व पर हैं। इसी तरह पश्चिम क्षेत्र से अन्य जिलों से भी कई नेता प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल हैं। नई कार्यकारिणी में भी पुराने नेताओं के साथ नए कार्यकर्ताओं को भी स्थान मिल सकता है।

मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं वेस्ट यूपी के चेहरे
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई नेता मंत्रिमंडल में शामिल होने के दावेदार हैं। इसमें जाट समाज से मुरादाबाद निवासी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का मंत्रिमंडल में शामिल होना तय जाना जा रहा है। अभी तक उपेक्षित चल रहे त्यागी समाज से भी एक चेहरा शामिल हो सकता है। इसमें मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी और एमएलसी अश्विनी त्यागी दावेदार हैं। गुर्जर समाज से एमएलसी अशोक कटारिया, दादरी विधायक तेजपाल सिंह, एमएलसी वीरेंद्र सिंह भी मंत्री बनने के दावेदारों में शामिल है।

ये हैं क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के दावेदार
क्षेत्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में एमएलसी मोहित बेनीवाल, नरेश त्यागी एडवोकेट, सुनील भराला, डीके शर्मा, जयकरण गुप्ता, नरेश गुर्जर एडवोकेट, बसंत त्यागी, डॉ. विकास अग्रवाल, हरीश ठाकुर, हरिओम शर्मा, नवाब सिंह नागर, इंद्रपाल प्रजापति, अजीत चौधरी आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष के कंधों पर ही 2027 के चुनाव की कमान रहेगी।

अभियान पर पूरा जोर
नारी शक्ति वंदन अभियान अभी पूरा हुआ है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की गतिविधियां इस समय चल रही हैं। भाजपा के बड़े पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के कंधे से कंधा मिलाकर अभियान में काम कर रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं में एक नया उत्साह आ गया है, जो मिशन 2027 में पार्टी के लिए ऊर्जा का संचार करेगा।

E-Paper